कोलकाता : केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रमाणिक के काफिले पर हुए हमले पर पश्चिम बंगाल के प्रतिपक्ष नेता सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने कहा कि बंगाल में कोई सुरक्षित नहीं, यहां तक कि जनप्रतिनिधि भी नहीं। पुलिस टीएमसी के लिए काम करती है और कट मनी जमा करती है। राज्य में कानून-व्यवस्था का पालन नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि मवेशी तस्करी को लेकर ईडी का केस रजिस्टर्ड है। इसमें कई लोग शामिल हैं। साबित होने पर उन्हें तिहाड़ जेल जाना होगा। जहां उन्हें यहां मिलने वाली सुविधाएं नहीं मिलेंगी। टीएमसी कोयला, भर्ती, मवेशी तस्करी, पोंजी योजना घोटाले में शामिल चोरों की सरकार है।
दूसरी तरफ दो दिन पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के संभावित क्रियान्वयन के लिए केंद्र की आलोचना करते हुए दावा किया कि गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी इस मुद्दे को उठा रही है। वहीं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने इस बात पर जोर दिया कि सीएए को धीरे-धीरे पूरे देश में लागू किया जाएगा।
केंद्र ने सोमवार को अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से आने वाले और वर्तमान में गुजरात के दो जिलों में रह रहे हिंदुओं, सिखों, बौद्ध, जैनियों, पारसियों और ईसाइयों को नागरिकता कानून, 1955 के तहत भारतीय नागरिकता देने का फैसला किया। विवादास्पद संशोधित नागरिकता अधिनियम, 2019 (सीएए) के बजाय नागरिकता अधिनियम, 1955 के तहत नागरिकता देने का यह कदम महत्वपूर्ण है।
बनर्जी ने कहा कि ये सब राजनीति बंद करो। वे (बीजेपी) ऐसा कर रहे हैं क्योंकि गुजरात में चुनाव हैं। हम उन्हें इसे लागू नहीं करने देंगे। हमारे लिए, सभी नागरिक (भारत के) हैं। हम इसके खिलाफ हैं।
