देश

इस जिंदगी में तो माफी नहीं मांगूंगा, अगले जन्म का पता नहीं...राणा सांगा विवाद पर बोले रामजी लाल सुमन

सांसद सुमन ने गुरुवार को कहा, मैं इस जन्म में माफी नहीं मांगूंगा, मुझे अगले जन्म का पता नहीं है। सुमन ने यह टिप्पणी उनके आगरा स्थित घर पर करणी सेना के सदस्यों द्वारा किए गए हमले के एक दिन बाद की है।

Image

रामजी लाल सुमन

Photo : ANI

Ramji Lal Suman on Rana Sanga Remark: समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन ने गुरुवार को कहा कि वह राणा सांगा पर अपनी टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगेंगे, क्योंकि इतिहास को नकारा नहीं जा सकता। सुमन ने पीटीआई से कहा कि उनके घर पर उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने के इरादे से हमला किया गया। सपा नेता ने कहा कि उन्होंने इस घटना के बारे में राज्यसभा के सभापति को भी सूचित कर दिया है। सुमन का हाल ही में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि राणा सांगा ने इब्राहिम लोदी को हराने के लिए बाबर को बुलाया था।

सांसद बोले, मैं इस जन्म में माफी नहीं मांगूंगा

राणा सांगा यानी संग्राम सिंह प्रथम 1508 से 1528 तक मेवाड़ के शासक थे। सांसद सुमन ने गुरुवार को कहा, मैं इस जन्म में माफी नहीं मांगूंगा, मुझे अगले जन्म का पता नहीं है। सुमन ने यह टिप्पणी उनके आगरा स्थित घर पर करणी सेना के सदस्यों द्वारा किए गए हमले के एक दिन बाद की है। सुमन ने कहा, उन्हें सच स्वीकार करना सीखना होगा। बाबर को राणा सांगा ने इब्राहिम लोदी को हराने के लिए आमंत्रित किया था। उन्हें यह गलतफहमी थी कि बाबर एक लुटेरा है और वह वापस चला जाएगा और हम शासन करेंगे।

कहा- राणा का बाबर से हुआ था समझौता

उन्होंने कहा, यह समझौता हुआ था कि राणा सांगा आगरा पर हमला करेंगे। जब उनका समझौता टूट गया, तो फतेहपुर सीकरी में उनका युद्ध हुआ, राणा सांगा ने बहादुरी से लड़ाई लड़ी, लेकिन हार गए। यह इतिहास है, इसे कौन नकार सकता है? करणी सेना के प्रमुख सूरज पाल सिंह अमू ने कहा कि सपा सांसद की इस टिप्पणी से मुगलों को हराने वाले नायक का अपमान हुआ है। उन्होंने सुमन और सपा प्रमुख अखिलेश यादव से माफी मांगने की मांग की।

करणी सेना के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया हमला

राजपूत गौरव की वकालत करने वाले जाति आधारित समूह करणी सेना के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बुधवार को आगरा में हरि पर्वत चौराहे के नजदीक स्थित सांसद के आवास में तोड़फोड़ की। उनके घर के बाहर खड़ी कई कार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, कुर्सियां और घर की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए गए। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी भीड़ से भिड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि भीड़ इस पॉश इलाके में उत्पात मचा रही है। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। सुमन ने यह भी कहा कि हमलावरों का इरादा उनके परिवार को नुकसान पहुंचाना था।

सोशल मीडिया के जरिए धमकियां

उन्होंने कहा, मैंने राज्यसभा के सभापति से मुलाकात की और उन्हें स्थिति से अवगत कराया। मैंने उन्हें बताया कि 22 मार्च से सोशल मीडिया के जरिए धमकियां दी जा रही थीं और कल वे बुलडोजर लेकर मेरे घर आ गए। सपा सांसद ने कहा, यह जानलेवा हमला था, उन्होंने सभी शीशे तोड़ दिए, कॉलोनी में कारें नष्ट कर दी गईं... उनका इरादा मेरे परिवार को बर्बाद करना था। आगरा पुलिस ने सांसद के आवास पर हमले के एक दिन बाद गुरुवार को अज्ञात भीड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। यह घटना उस दिन हुई जब मुख्यमंत्री आदित्यनाथ एक सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए आगरा में ही थे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article