जली फैक्ट्री और हड्डियों का ढेर...लोहा तक पिघला, भिवाड़ी अग्निकांड का ये वीडियो देखकर हिल जाएंगे
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Feb 16, 2026, 09:35 PM IST
हादसे के समय फैक्ट्री में 20 से अधिक लोग मौजूद थे। आग लगते ही कई मजदूर बाहर निकल आए, लेकिन नौ लोग अंदर फंस गए। इनमें से सात की जलकर मौत हो गई। वहीं, एक अन्य ने इलाज के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया। आग पर करीब डेढ़ घंटे बाद काबू पाया जा सका।
भिवाड़ी ब्लास्ट।
जली हुई फैक्ट्री...हड्डियों के ढेर और चारों ओर फैले मजदूरों के चीथड़े। ये मंजर किसी फिल्म का नहीं, बल्कि राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री का है। जहां आज एक के बाद एक हुए कई धमाकों ने आठ लोगों की जिंदगी लील ली। इतना ही नहीं चार अन्य भीषण रूप से झुलसे हुए हैं, जिनका दिल्ली एम्स में इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके इतने जोरदार थे कि लोहे के शटर उखड़कर बाहर आ गए और धमाके के बाद आग इतनी तेज कि लोहा भी पिघल जाए।
डराने वाली जानकारियां
सोमवार सुबह करीब साढे नौ बजे हुए इस हादसे को लेकर कुछ बड़ी जानकारियां सामने आई हैं। जो बातें पता चल रही हैं वे बेहद डराने वाली हैं। वहीं, इस हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। ये बेहद डराने वाला है। जो मंजर सामने आया है वो ऐसा है कि कमजोर दिलवाले देखकर हिल जाएं। हादसा किता भयावह और खौफनाक था उसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें इंसान तिनकों की तरह उड़ते दिख रहे हैं। राजस्थान सरकार में मंत्री संजय शर्मा ने भी हादसे को लेकर ऐसी जानकारी दी है, जो रोंगटे खड़े कर देगी।
आठ मजदूर जिंदा जले, मिली तो केवल हड्डियां
उन्होंने बताया कि इस घटना में आठ मजदूरों की मौत हो गई और उनके शव पूरी तरह जल जाने के कारण केवल अस्थियां ही बरामद हो सकी हैं।रेस्क्यू टीम इन अवशेषों को पॉलीथीन के बैग में भरकर ले गई। मृतकों की पहचान डीएनए परीक्षण के जरिए की जाएगी। वहीं, फैक्ट्री मैनेजर अभिनंदन को हिरासत में ले लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। फैक्ट्री को सीज कर दिया गया है।
धमाके के वक्त कर रहे थे 25 लोग काम
दावा है कि जब यह हादसा हुआ उस वक्त वहां करीब 25 लोग काम कर रहे थे। इस फैक्ट्री में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। मौके पर बारूद, पटाखे और उनको पैक करने वाला सामान भी बरामद हुआ है।
गारमेंट जोन में चल रहा था बारूद का कारोबार
मंत्री ने जानकारी दी कि संबंधित प्लॉट आरआईआईसीओ द्वारा राजेंद्र नामक व्यक्ति को आवंटित किया गया था और बिजली कनेक्शन भी उसी के नाम पर है। हालांकि प्लॉट को आगे सबलीज पर दिया गया था। यह क्षेत्र गारमेंट जोन के रूप में अधिसूचित है, जहां अन्य किसी प्रकार का व्यवसाय करने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद बंद फैक्ट्री के अंदर अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था।
घटना के बाद सभी संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर दी गई है,जिसे भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र की सभी इकाइयों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं।राजस्थान सरकार में मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि श्रम विभाग के सभी नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री संवेदनशील हैं और यह घटना बहुत दुखदाई है। बिना अनुमति आतिशबाजी का काम गैरकानूनी है और इस पर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश पर दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
