Narendra Modi's 75th Birthday: आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उन्हें बधाइयों का सिलसिला जारी है। देशभर में उनके जन्मदिन के जश्न की तैयारियां हो रही हैं। खास तौर पर उनके गृह राज्य गुजरात में बड़े पैमाने पर आयोजन किए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल सहित कई बीजेपी नेताओं और राज्य के मंत्रियों ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिनकी बधाई दी है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी फोन करके पीएम मोदी को अपना दोस्त बनाते हुए जन्मदिन की बधाई दी है।
गरबा खेलकर जश्न मनाया गया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर अहमदाबाद के मणिनगर में फूलों से भारत का नक्शा बनाकर और गरबा खेलकर जश्न मनाया गया। भाजपा विधायक अमूल भट्ट और पार्षद करण भट्ट भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। अमूल भट्ट ने कहा, हम भारत के नक्शे पर 'नमोत्सव' लिखकर और गरबा खेलकर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस अवसर पर पूरे देश में कई सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
750 कमल के फूलों से रेत कलाकृति बनाई
वहीं, ओडिशा के पुरी में रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने भी अपने अंदाज में पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। पटनायक ने कहा, पूरी दुनिया देख रही है कि भारत कैसे प्रगति कर रहा है और देश कैसे विकसित हो रहा है। हम देश को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान के लिए उन्हें सलाम करते हैं... प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर, 750 कमल के फूलों से यह रेत कलाकृति बनाई गई है।
सूरत में सबसे बड़ा तिरंगा लहराया
सूरत, गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर लोगों ने सबसे बड़ा तिरंगा लहराया और एक खास कपड़े से प्रधानमंत्री का एक विशाल पोस्टर बनाया। तिरंगा और पोस्टर बनाने वाले प्रवीण गुप्ता ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के पोस्टर के साथ तिरंगा उनके 'हर घर तिरंगा' अभियान के लिए है, जो राष्ट्रीय ध्वज के प्रति उनके प्रेम को दर्शाता है... 20 लोगों की एक टीम ने इस पोस्टर को बनाने में 15 से 20 दिन लगाए हैं। इस पोस्टर के चारों ओर एक बेल्ट है जिससे 54 लोग इसे आसानी से पकड़ सकते हैं... हम सूरत और पूरे देश की ओर से मोदी को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देते हैं।
अमित शाह ने प्रेरणादायी प्रसंग साझा किया
अमित शाह ने पुराने दिनों को याद करते हुए कुछ खास वाकये भी एक्स पर शेयर किए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ा एक प्रेरणादायी प्रसंग साझा किया। उन्होंने 'मोदी स्टोरी' के एक वीडियो को पोस्ट करते हुए बताया कि संगठन में स्वयं से पहले कार्यकर्ताओं का ध्यान रखने की सीख उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से मिली थी और यह शिक्षा आज उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है। अमित शाह ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "राजकोट की यात्रा का वह प्रसंग, जब पीएम मोदी ने यह संवेदनशील सीख दी कि संगठन में स्वयं से पहले कार्यकर्ताओं का ध्यान रखना चाहिए। उनकी वह सीख आज मेरे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गई है। विश्वास, अपनापन और समर्पण, यही संगठन की आत्मा है और यही मोदी जी की सबसे बड़ी शिक्षा है।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने दी बधाई
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने भी पीएम को बधाई देते हुए कहा, मेरे मित्र प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ऑस्ट्रेलिया को भारत के साथ इतनी मजबूत दोस्ती साझा करने पर गर्व है, और हम ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय के अविश्वसनीय योगदान के लिए हर दिन आभारी हैं। प्रधानमंत्री जी, मैं जल्द ही आपसे मिलने और दोस्ती और प्रगति के कई और वर्षों की आशा करता हूं।
