देश

भ्रष्टाचार मामले में CBI की कार्रवाई, NAAC की निरीक्षण समिति के अध्यक्ष, JNU के प्रोफेसर समेत 10 लोग गिरफ्तार

एजेंसी ने कहा कि एनएएसी निरीक्षण समिति के सदस्यों को (ए++) एक्रेडिटेशन (मान्यता) के लिए रिश्वत देने में कथित संलिप्तता के लिए केएलईएफ के कुलपति जी पी सारधी वर्मा, केएलईएफ के उपाध्यक्ष कोनेरू राजा हरीन, केएल विश्वविद्यालय, हैदराबाद परिसर के निदेशक ए. रामकृष्ण को गिरफ्तार किया है।

Image

CBI की छापेमारी

Photo : PTI

CBI Arrest JNU Professor: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के एक मामले में शनिवार को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) की निरीक्षण समिति के अध्यक्ष और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के एक प्रोफेसर समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों में आंध्र प्रदेश के गुंटूर स्थित कोनेरू लक्ष्मैया एजुकेशन फाउंडेशन (KLEF) के कुलपति और दो अन्य अधिकारी भी शामिल हैं।

जानिए कौन-कौन हुआ गिरफ्तार

सीबीआई ने कहा कि केएलईएफ के अध्यक्ष कोनेरू सत्यनारायण, एनएएसी के पूर्व उप सलाहकार एल मंजूनाथ राव, बेंगलुरु विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एम. हनुमंथप्पा और एनएएसी के सलाहकार एम एस श्यामसुंदर का नाम भी बतौर आरोपी प्राथमिकी में दर्ज किया गया है। हालांकि, उन्हें अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने कहा कि एनएएसी निरीक्षण समिति के सदस्यों को (ए++) एक्रेडिटेशन (मान्यता) के लिए रिश्वत देने में कथित संलिप्तता के लिए केएलईएफ के कुलपति जी पी सारधी वर्मा, केएलईएफ के उपाध्यक्ष कोनेरू राजा हरीन, केएल विश्वविद्यालय, हैदराबाद परिसर के निदेशक ए. रामकृष्ण को गिरफ्तार किया है।

एजेंसी ने एनएएसी निरीक्षण समिति के अध्यक्ष समरेंद्र नाथ साहा को भी गिरफ्तार किया है, जो रामचन्द्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय के कुलपति भी हैं। एजेंसी ने कहा कि समिति के सदस्य जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर राजीव सिजारिया, भारत इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ के डीन डी. गोपाल, जागरण लेकसिटी विश्वविद्यालय के डीन राजेश सिंह पवार, जी एल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के निदेशक मानस कुमार मिश्रा, दावणगेरे विश्वविद्यालय की प्रोफेसर गायत्री देवराज और संबलपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर बुलु महाराणा को भी गिरफ्तार किया गया है।

एजेंसी ने कहा कि मामले के संबंध में चेन्नई, बेंगलुरु, विजयवाड़ा, पलामू, संबलपुर, भोपाल, बिलासपुर, गौतमबुद्धनगर और नयी दिल्ली में 20 स्थानों पर तलाशी ली गई है। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने कहा, 37 लाख रुपये नकद, छह लैपटॉप, एक आईफोन 16 प्रो मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article