देश

BITS पिलानी गोवा कैंपस में छात्र की रहस्यमयी मौत, हॉस्टल के कमरे में मृत पाया गया 20 वर्षीय छात्र

दक्षिण गोवा स्थित बिट्स पिलानी कैंपस के छात्रावास में 20 वर्षीय छात्र ऋषि नायर अपने कमरे में मृत पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, वह मानसिक स्वास्थ्य उपेक्षा का सामना कर रहे थे और उनकी मौत सोते समय हुई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह आत्महत्या नहीं है, हालांकि सही कारण की जांच जारी है।

Image

BITS पिलानी गोवा कैंपस में छात्र की रहस्यमयी मौत।(फोटो सोर्स: PTI)

Photo : PTI

दक्षिण गोवा स्थित बिरला टैक्नोलॉजी एवं साइंस इंस्टीट्यूट (बिट्स) पिलानी के परिसर में अपने छात्रावास के कमरे में मृत पाया गया 20 वर्षीय छात्र "मानसिक स्वास्थ्य उपेक्षा" का सामना कर रहा था। एक अधिकारी ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, छात्र ऋषि नायर बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजकर 45 मिनट पर अपने कमरे में मृत पाया गया था। वह मोबाइल फोन पर कॉल का जवाब नहीं दे रहा था जिसके बाद अधिकारियों ने दरवाजा तोड़कर उसका कमरा खोला। दक्षिण गोवा जिला अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ‘‘पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि वह मानसिक स्वास्थ्य उपेक्षा का सामना कर रहा था। छात्र की मौत सोते समय ही हुई।’’

बिट्स परिसर के छात्रावास में यह पांचवीं मौत

दक्षिण गोवा के पुलिस अधीक्षक टीकम सिंह वर्मा ने बताया कि छात्र की मौत आत्महत्या से नहीं हुई है और सही कारण का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि दिसंबर से अब तक बिट्स परिसर के छात्रावास में यह पांचवीं मौत है, जिनमें से तीन आत्महत्या के मामले थे।

पुलिस अधीक्षक ने कहा, "पांच छात्रों की मौत में से तीन की मौत आत्महत्या के कारण हुईं। पुलिस ने इस मुद्दे पर चर्चा के लिए बिट्स पिलानी प्रबंधन के साथ बैठक की। प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी एहतियाती कदम उठाए जाएंगे।"

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से कहा था कि इन घटनाओं की जांच के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं और दोबारा नहीं होनी चाहिए। राज्य सरकार समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे कदम उठाएगी।’’

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!