देश

NCP चीफ को धमकीः फोन कर बोला कॉलर- मुंबई आ देसी कट्टे से उड़ा दूंगा, केस के बाद बिहार से एक गिरफ्तार

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 13, 2022, 03:45 PM IST

पद्म विभूषण से सम्मानित शरद गोविंदराव पवार चार बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वह फिलहाल 82 साल के हैं और मौजूदा समय में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष हैं।

Image

NCP चीफ शरद पवार। (फाइल)

Photo : IANS

नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के मुखिया शरद पवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। यह धमकी उनके घर के फोन पर अज्ञात शख्स की ओर दी गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कॉलर की ओर से कहा गया कि वह मुंबई पहुंचकर पवार को देसी कट्टे की मदद से मार डालेगा। इसके बाद शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

मंगलवार (13 दिसंबर, 2022) को यह जानकारी मुबंई पुलिस ने समाचार एजेंसी एएनआई को दी। बताया गया- अज्ञात शख्श ने एनसीपी चीफ के सिल्वर ओक स्थित आवास पर फोन किया था। इस दौरान उसने पवार को जान से मारने की धमकी दी। मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 294 और 506 (2) के तहत केस दर्ज कर लिया और आगे की जांच-पड़ताल की जा रही है।

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पवार के मुंबई में घर पर आरोपी ने बार-बार फोन कर धमकियां दी थीं। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि बिहार से इस मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार कर लिया गया है।

गामदेवी थाने के एक अधिकारी ने कहा कि एन सोनी (45) को मुंबई पुलिस की एक टीम ने पटना से गिरफ्तार किया है और उसे मुंबई लाया जा रहा है। सोनी कथित तौर पर पिछले तीन-चार महीने से पवार के 'सिल्वर ओक' नामक आवास पर फोन कर रहा था।

अधिकारी ने कहा कि आरोपी असभ्य भाषा का इस्तेमाल करता था और कुछ मौकों पर उसने ड्यूटी पर मौजूद कांस्टेबल को "मुंबई आकर देसी कट्टे से उड़ा दूंगा" कहा था।

पुलिस ने उसके मोबाइल नंबर से उसकी पहचान की और उसे चेतावनी दी।

अधिकारी ने कहा कि इसके बावजूद आरोपी फोन करता रहा, इसलिए भारतीय दंड संहिता की धारा 294 (असभ्य कृत्य) और 506-2 (आपराधिक धमकी) सहित संबंधित धाराओं के तहत सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article