मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रेप का एक मामला सामने आया है। सबसे हैरान वाली बात यह है कि इस केस में आरोपी वह शख्स है, जिसे कभी पीड़िता ने राखी बांधी थी। आरोप है कि 38 साल की महिला को धमकाने के बाद उससे बलात्कार को अंजाम दिया गया।
वारदात को लगभग डेढ़ साल पहले अंजाम दिया गया था। पीड़िता ने जब आरोपी से इसका विरोध किया तो उसने वादा या यूं कहिए झांसा किया कि वह उनसे शादी कर लेगा, मगर जब मौके की बात आई तो वह अपनी कही बात से मुकर गया।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर रेप का मामला दर्ज कर लिया। हमारे सहयोगी अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को जांच अफसर एसआई सलोनी सिंह ने इस बाबत बताया कि पीड़िता के पति बीमारी के चलते चल बसे थे। ऐसे में उन्होंने दोबारा शादी की। सात महीने बाद दूसरे पति से कुछ मसलों को लेकर वह अलग हो गईं।
जहां वह काम करती थीं, आगे वहां उनकी एक पड़ोसी से मुलाकात हुई। उनके मुताबिक, वह उसे भाई मानने लगीं रक्षा बंधन पर उसे राखी भी बाधी। पुलिस के अनुसार, अगस्त 2021 में पीड़िता घर पर थीं, तभी वह शख्स उनसे मिलने आया और इसी दौरान उनसे बदतमीजी करने लगा। उन्होंने विरोध किया तो उसने धमकी दी और शादी का वादा कर बार-बार उनका रेप किया।
पीड़िता ने जब कुछ रोज बाद युवक पर शादी का दबाव बनाया, तब उसने साफ इन्कार कर दिया और उसके सभी कॉन्टैक्ट्स को ब्लॉक कर दिया। ऐसे में महिला पुलिस के पास पहुंची और उसने शिकायत दी।
