Bangladesh Crisis: केंद्रीय रेल और खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बांग्लादेश के हालात पर चिंता जाहिर की है। इस बाबत उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र भी लिखा है। इसमें उन्होंने बांग्लादेश में धार्मिक स्थलों पर हमलों पर चिंता व्यक्त करते हुए ढाका में स्थित सिख धार्मिक स्थलों और हिंदू मंदिरों की सुरक्षा की मांग की।
रवनीत बिट्टू ने विदेश मंत्री को एक आधिकारिक पत्र लिखते हुए आग्रह किया कि वे बांग्लादेश में सेना के अधिकारियों के समक्ष ढाका में स्थित दो ऐतिहासिक सिख धार्मिक स्थलों-गुरुद्वारा नानक शाही और गुरुद्वारा संगत टोला की सुरक्षा का मुद्दा उठाएं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी और गुरु तेग बहादुर साहिब ने ढाका का दौरा किया था और उनकी याद में ये गुरुद्वारे बनाए गए थे।
बिट्टू ने कहा कि बांग्लादेश में सिखों की आबादी बहुत कम है और कुछ भारत विरोधी तत्व धार्मिक स्थलों पर उत्पात मचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय सिख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। उन्होंने बांग्लादेश और भारत में सिख समुदाय को आश्वासन दिया कि भारत सरकार सिख तीर्थस्थलों की सुरक्षा के लिए कदम उठाएगी।
