देश

Ram Mandir Ayodhya : दिवाली पर राम की नगरी अयोध्या का ऐसा नजारा देखकर मन हो जाएगा प्रफुल्लित, देखें ये Video

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Nov 12, 2023, 03:18 PM IST

Ayodhya Lightning Lamps World Record Vodeo:अयोध्या में 22 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित, एक जगह पर सबसे ज्यादा दीप जलाने का विश्व कीर्तिमान बना है।

Ayodhya Lightning Lamps Viral Video: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की उपस्थिति में भगवान श्रीराम की जन्‍मस्‍थली अयोध्या में शनिवार की शाम राम की पैड़ी पर 22 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किये गये, जो 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' के मुताबिक विश्व कीर्तिमान है, एक आधिकारिक बयान में यह दावा किया गया है।बयान में कहा गया कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की अयोध्या ने नया कीर्तिमान बनाते हुए दीपोत्सव 2023 में 22.23 लाख दीप प्रज्वलित किए। पिछले वर्ष 2022 में प्रज्वलित 15.76 लाख दीपों से इस बार यह संख्या लगभग छह लाख 47 हजार अधिक रही।

बयान के मुताबिक, ड्रोन से की गई दीपों की गणना के उपरांत दीपोत्सव ने नया कीर्तिमान 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में दर्ज किया है।

दीप प्रज्वलन का नियत समय शुरू होते ही 'श्री राम जय राम जय जय राम' के जाप के साथ एक-एक कर 22.23 लाख दीप जलाए गए।

रिपु रन जीति सुजस सुर गावत।

सीता सहित अनुज प्रभु आवत॥

बयान में कहा गया कि 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' के प्रतिनिधियों द्वारा कीर्तिमान रचने की घोषणा के साथ ही पूरी अयोध्या 'जय श्री राम' के उद्घोष से गुंजायमान हो उठी। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से ड्रोन की गणना के उपरांत 'एग्जीक्यूटर' स्वप्निल दंगारीकर व 'कन्सल्टेंट' निश्चल बरोट द्वारा यह जानकारी दी गई।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने इस 'भव्य दीपोत्सव' को देखा

बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अयोध्या के प्रति प्रतिबद्धता ने एक बार फिर इस प्राचीन नगरी को वैश्विक रिकॉर्ड सूची में दर्ज कराया है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के इस 'भव्य दीपोत्सव' को देखा और अंततः एक साथ एक स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलन को विश्व कीर्तिमान का दर्जा दिया। कीर्तिमान रचने में राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय व इससे जुड़े महाविद्यालयों के शिक्षक, इंटर कॉलेजों के शिक्षक व छात्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं की बड़ी भूमिका रही।

मुख्‍यमंत्री योगी ने अयोध्या में रामलला के दर्शन-पूजन किये

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को महापर्व दीपावली की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन को सुख, समृद्धि, सौभाग्य एवं आरोग्यता के धवल प्रकाश से भर दे, मुख्‍यमंत्री ने रविवार को अयोध्या में श्री हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्‍होंने श्रीरामजन्मभूमि पहुंचकर भगवान रामलला के भी दर्शन और पूजन किया और जनमानस के सुखी-स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

मुख्‍यमंत्री योगी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्‍ट कर कहा, 'असत्य पर सत्य, अत्याचार पर सदाचार, अंधकार पर प्रकाश की विजय के महापर्व दीपावली की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! प्रभु श्रीराम और माता जानकी की कृपा से यह पावन पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि, सौभाग्य एवं आरोग्यता के धवल प्रकाश से भर दे। जय श्री राम।'

भव्य दीपोत्सव पर अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दीपावली की सुबह प्रातः श्री हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीरामजन्मभूमि पहुंचकर भगवान रामलला के भी दर्शन पूजन किये और जनमानस के सुखी-स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article