देश

PM की अपील पर मोहन यादव का बड़ा फैसला, CM काफिले में घटेंगी गाड़ियां; मंत्रियों को भी कम वाहन इस्तेमाल करने की सलाह

CM Mohan Yadav: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम करने का फैसला लिया है। अब मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान वाहन रैली नहीं होगी और मंत्रियों को भी कम गाड़ियों के इस्तेमाल की सलाह दी गई है।

Image

मध्यप्रदेश में वाहन रैली पर लगी रोक

Photo : PTI

CM Mohan Yadav: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (Mohan Yadav) ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की अपील का पालन करते हुए अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम करने का निर्णय लिया है। अब मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान पहले की तुलना में कम वाहन इस्तेमाल किए जाएंगे और किसी तरह की वाहन रैली भी नहीं निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देशहित को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री मोदी के संदेश को गंभीरता से लागू करेगी।

सीएम मोहन यादव के काफिले की गाड़ियां 13 से घटकर 8

मुख्यमंत्री के अनुसार, जब तक नए आदेश नहीं आते, तब तक उनके कारकेड में सिर्फ जरूरी और सुरक्षा से जुड़ी गाड़ियां ही शामिल रहेंगी। पहले उनके काफिले में 13 वाहन चलते थे, लेकिन अब इसे घटाकर 8 कर दिया गया है। डॉ. मोहन यादव ने राज्य के मंत्रियों से भी अपील की है कि वे अपने दौरे और यात्रा के दौरान कम से कम गाड़ियों का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि सरकार को सादगी और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए। इसी के तहत नए नियुक्त निगम और मंडल पदाधिकारियों को भी सादगी से पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। उनके कार्यक्रमों में भी वाहन रैली की अनुमति नहीं होगी।

राज्य की तरफ से आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों से भी सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर लोग बस, ट्रेन और अन्य सार्वजनिक साधनों का उपयोग करेंगे तो ईंधन की बचत होगी और देश को फायदा मिलेगा। राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में आधिकारिक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि यह कदम सिर्फ खर्च कम करने के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और संसाधनों के सही उपयोग के लिए उठाया गया है। मुख्यमंत्री के इस फैसले की राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा हो रही है और कई लोग इसे सादगी और जिम्मेदारी की दिशा में अच्छा कदम मान रहे हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article