अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी के GOAT इंडिया टूर के दौरान कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुए बवाल के एक दिन बाद राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मुख्य सचिव मनोज पंत और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों भी मौजूद थे। बता दें कि वे बीते दिन हंगामा होने के कुछ घंटे बाद स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन तब उन्हें स्टेडियम में घुसने से रोक दिया गया था। जिसके बाद उन्होंने बिना नाम लिए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे, साथ ही इस कृत्य को राज्यपाल के संवैधानिक पद का अपमान भी करार दिया था। वहीं, दूसरी ओर मेसी के GOAT इंडिया टूर के प्रमोटर और मुख्य आयोजक शतद्रु दत्ता को भी अदालत ने 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
शतद्रु दत्ता 14 दिन की पुलिस हिरासत में
वहीं, मेसी के इंडिया टूर के प्रमोटर और मुख्य आयोजक शतद्रु दत्ता को आज कोलकाता की बिधाननगर अदालत में पेश किया गया। जहां मामले की सुनवाई के बाद दत्ता को 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश अदालत ने दिया। दत्ता पर टूर में पर्याप्त व्यवस्था न करने और दर्शकों को धोखा देने जैसे गंभीर आरोप है। उन्हें स्टेडियम में बवाल के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
कल स्टेडियम में घुसने से रोक दिए गए थे राज्यपाल बोस
इससे पहले, बीते दिन कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में बवाल के बाद जांच करने पहुंचे राज्यपाल सीवी आनंद बोस को स्टेडियम में घुसने से रोक दिया गया था। जिसके बाद उन्होंने आरोप लगाया कि क्या बंगाल अपने राज्यपाल के साथ ऐसा व्यवहार करता है? राज्यपाल कोई रबर स्टैंप नहीं है। उन्होंने इस घटना को संवैधानिक प्राधिकरण की भयावह उपेक्षा बताया था।
वहीं, बोस ने सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई घटना को कोलकाता के खेल प्रेमियों के लिए एक काला दिन करार दिया था। उन्होंने राज्य सरकार को कार्यक्रम के आयोजक को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था। राज्यपाल ने अराजकता के लिए आयोजकों को पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराया था। बोस ने इस घटना के लिए मुख्यमंत्री और पुलिस को भी दोषी ठहराया था।
इससे पहले, मेस्सी के कार्यक्रम के दौरान सॉल्ट लेक स्टेडियम में मची अफरा-तफरी की घटना जांच के लिए रविवार को जांच समिति के सदस्य घटना स्थल का निरीक्षण करने के लिए स्टेडियम पहुंचे।अधिकारियों ने बताया कि कलकत्ता उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति आशीष कुमार रे की अध्यक्षता में गठित समिति के सदस्य इस घटना की जांच करेंगे।
अव्यवस्था से नाराज दर्शकों ने कर दिया था हंगामा
बता दें कि आज दिन में साल्ट लेक स्टेडियम में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई,जब दर्शकों मेसी को देख नहीं सके। इससे नाराज होकर उन्होंने स्टेडियम में तोड़फोड़ की और आयोजकों पर गंभीर कुप्रबंधन के आरोप लगाए। दर्शकों का कहना था कि वीआईपी व्यवस्था के कारण उन्हें मेसी को ठीक से देखने नहीं दिया गया।
