Marathi Row- महाराष्ट्र में राज ठाकरे की MNS के बाद अब उद्धव गुट शिवसैनिकों की गुंडागर्दी सामने आई है। मराठी में बात नहीं करने और मराठी भाषा और महाराष्ट्र का अपमान का आरोप लगाकर उद्धव गुट कार्यकर्ताओं ने एक ऑटो ड्राइवर को बुरी तरह थप्पड़ मारा और सरेआम कान पकड़कर माफी मंगवाई। पिटाई की घटना शनिवार शाम की मुंबई से सटे विरार की है। घटना का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
ऑटो ड्राइवर को अपमानित कर पिटाई की
उद्धव गुट के शिवसेना कार्यकर्ताओं ने एक ऑटो ड्राइवर को अपमानित कर उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिसने कुछ दिन पहले कहा था कि वो हिंदी-भोजपुरी ही बात करेगा। शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ताओं ने इस आरोपी रिक्शा चालक को ढूंढा लिया और उसे स्टेशन क्षेत्र में पकड़ लिया। इसके बाद उसे सार्वजनिक स्थान पर ले जाकर हाथ जोड़कर माफी मंगवाई। इस वीडियो में दिख रहा है कि घबराया हुआ ऑटो ड्राइवर कह रहा है कि मैं मराठी लोगों से माफी मांगता हूं, मैं महाराष्ट्र से माफी मांगता हूं। पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस ने अब तक आधिकारिक मामला दर्ज नहीं किया है। मामला कल दोपहर का है और विरार स्टेशन के बाहर ऑटो स्टैंड पर इस ड्राइवर को घेर लिया और उसकी पिटाई की।
एमएनएस और उद्धव शिवसेना की मुहिम
बता दें कि एमएनएस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने मुंबई में मराठी भाषा को लेकर मुहिम चलाई है। एमएनएस कार्यकर्ताओं ने गुंडागर्दी दिखाते हुए एक दुकानदार सहित कुछ लोगों की पिटाई भी की जिसके बाद से भारी विवाद पैदा हो गया है। इसे लेकर बीजेपी और शिवसेना-एमएनएस नेता भी आमने-सामने आ गए। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे को खुलकर चुनौती दी।
दुकानदार की पिटाई
वहीं, मराठी नहीं बोलने पर एक दुकानदार का पिटाई मामले में शिवसेना यूबीटी के विधायक आदित्य ठाकरे ने एमएनएस का पक्ष लिया था। आदित्य ने कहा कि मराठी या महाराष्ट्र का अपमान होने पर लोगों की भावनाएं आहत और बात आगे बढ़ सकती है। आरोप है कि मीरा रोड स्थित एक दुकानदार के मराठी नहीं बोलने पर कुछ लोगों ने उसकी पिटाई की। इस पिटाई का वीडियो अब सामने आया था। मीडिया से बातचीत में आदित्य ने कहा कि हम चाहते हैं कि हमारी मातृभाषा मराठी का अपमान न हो और किसी भी भाषा को जबरन थोप न जाए। हम नहीं चाहते कि कोई व्यक्ति कानून अपने हाथ में ले।
