देश

चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास मची भगदड़ में 11 की मौत, 33 अन्य घायल; सिद्दारमैया ने मुआवजे का किया ऐलान

Bengaluru Stampede: बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 अन्य घायल हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया सहित अन्य कई नेताओं ने हादसे पर दुख जताया। सिद्दारमैया ने कहा कि यह त्रासदी नहीं होनी चाहिए थी।

Image

RCB का जश्न मातम में बदला

Photo : REUTERS

Bengaluru Stampede: बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह भगदड़ उस वक्त हुई जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के पहला आईपीएल खिताब जीतने के जश्न में शामिल होने के लिए हजारों समर्थक चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर एकत्रित हुए।

क्या है पूरा मामला

टीम की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम के बाहर प्रशंसकों का तांता लग गया जिन पर पुलिस नियंत्रण नहीं रख सकी। इसके लिए उन्हें हल्का बलप्रयोग भी करना पड़ा। यह तमाम प्रशंसक स्टेडियम में दाखिल होने की कोशिश में प्रवेश द्वार के बाहर ही भगदड़ का शिकार हो गए। अस्पताल अधिकारी ने बताया कि बेंगलुरु में आरसीबी के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ जैसी स्थिति में चार लोगों की मौत हो गई।

PM मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरू में मची भगदड़ को लेकर दुख जताया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''बेंगलुरू में हुई दुर्घटना बहुत ही दुखद है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। मैं घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।''

CM सिद्दारमैया ने जताया दुख

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने भगदड़ को लेकर दुख जताया और कहा कि यह त्रासदी नहीं होनी चाहिए थी। उन्होंने बताया कि चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 अन्य लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि त्रासदी के दर्द ने जीत की खुशी खत्म की।

उन्होंने कहा कि चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास दो-तीन लाख से अधिक लोग आए थे, किसी को भी इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि आरसीबी के जश्न में मरने वालों में से अधिकांश युवा हैं। सरकार मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देगी।

कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य बीके हरिप्रसाद ने दावा किया कि बेंगलुरू में मची भगदड़ में महिलाओं सहित 11 से अधिक लोगों की मौत हुई है। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा कि आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में महिलाओं समेत 11 से अधिक लोगों की मौत की घटना बेहद चौंकाने वाली और खेदजनक है। भगदड़ में घायल हुए कुछ लोगों की हालत गंभीर है और सरकार को उन्हें उचित उपचार मुहैया कराने के लिए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।

कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) ने आईपीएल 2025 में पहली बार खिताब जीती आरसीबी के लिए एक समारोह का आयोजन किया जहां क्रिकेटप्रेमियों का तांता लग गया। कई वीडियोज में तो आरसीबी समर्थकों को पेड़ों और दीवारों पर चढ़ते हुए देखा गया। इस बीच, भगदड़ मच गई और पुलिस कर्मियों को घायलों और बेहोश हुए लोगों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाते हुए देखा गया।

शिवकुमार ने मांगी माफी

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बताया कि भीड़ अनियंत्रित हो गई थी। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि यह भीड़ काबू में आने वाली नहीं है। मैं बेंगलुरू और कर्नाटक के सभी लोगों से माफी मांगता हूं। हम परेड निकालना चाहते थे, लेकिन भीड़ बेकाबू है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब प्रशंसक सम्मान समारोह स्थल पर उमड़ पड़े तो भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। सामने आए वीडियो/तस्वीरों में पुलिस घायलों और बेहोश हुए लोगों को एंबुलेंस से पास के अस्पतालों में ले जाती दिख रही है। इन वीडियो/तस्वीरों में कुछ ऐसे लोग नजर आ रहे हैं जो बेहोशी की हालत में थे और आसपास के लोगों द्वारा उन्हें ‘कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) दिया जा रहा था।

पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि एक ही समय पर बड़ी संख्या में क्रिकेटप्रेमी स्टेडियम में घुसने की कोशिश कर रहे थे। बेंगलुरु पुलिस ने यातायात के बारे में सलाह दी थी कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में केवल वैध टिकट और पास (प्रवेश पत्र) वाले लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। इसमें कहा गया था, ‘‘चूंकि चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास सीमित पार्किंग सुविधा उपलब्ध है, इसलिए कार्यक्रम में भाग लेने वालों को सार्वजनिक परिवहन और मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी जाती है। जनता से सहयोग करने का अनुरोध किया जाता है।’’

कर्नाटक सरकार ने RCB का किया स्वागत

कर्नाटक सरकार ने बुधवार को 18 साल में पहला आईपीएल खिताब जीतने वाली आरसीबी टीम को सम्मानित किया। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत , मुख्यमंत्री सिद्दारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम का विधान सौध के सामने बनी भव्य सीढियों पर स्वागत किया। एक छोटे से कार्यक्रम में खिलाड़ियों को मैसुरू फेटा (पारंपरिक पगड़ी), शॉल और पुष्पमाला पहनाई गई। इस कार्यक्रम को देखने के लिए प्रशंसकों का तांता लगा था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!