देश

क्या थरूर की राह पर हैं मनीष तिवारी? पोस्ट में लिखा-भारत का रहने वाला हूं...', 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चाहते थे बोलना

'ऑपरेशन सिंदूर' के बारे में दुनिया को बताने के लिए भारत से गए सर्वदलीय शिष्टमंडल का तिवारी हिस्सा रहे हैं। एक शिष्टमंडल का नेतृत्व शशि थरूर ने भी किया लेकिन उन्हें भी 'ऑपरेशन सिंदूर' पर बोलने का मौका नहीं मिला है। संसद में सोमवार से इस पर चर्चा शुरू हुई है। मंगलवार को पीएम मोदी और शाह लोकसभा में चर्चा का जवाब देंगे।

Image

चंडीगढ़ से सांसद हैं मनीष तिवारी। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Manish Tewari : संसद में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर जारी चर्चा के वक्ताओं में शामिल नहीं किए जाने पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने पार्टी पर निशाना साधा है। अपने X अकाउंट पर तिवारी ने 70 के दशक की फिल्म पूरब और पश्चिम का गीत 'भारत का रहने वाला हूं' शेयर करते हुए पार्टी पर तंज कसा है। बता दें कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के बारे में दुनिया को बताने के लिए भारत से गए सर्वदलीय शिष्टमंडल का तिवारी हिस्सा रहे हैं। एक शिष्टमंडल का नेतृत्व शशि थरूर ने भी किया लेकिन उन्हें भी 'ऑपरेशन सिंदूर' पर बोलने का मौका नहीं मिला है।

'ऑपरेशन सिंदूर' पर जारी चर्चा से कांग्रेस ने रखा दूर

तिवारी और थरूर की गिनती प्रखर एवं मुखर वक्ताओं में होती है लेकन 'ऑपरेशन सिंदूर' जैसे गंभीर एवं संवेदनशील मुद्दे पर इन दोनों नेताओं को बोलने की इजाजत नहीं देना, कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान और गतिरोध की ओर इशारा करता है। अपने पोस्ट में चंडीगढ़ से सांसद ने एक रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि चर्चा से तिवारी और थरूर को दूर रखा गया है। इसके साथ ही तिवारी ने 1970 की फिल्म पूरब और पश्चिम का देशभक्ति गीत शेयर किया है।

थरूर ने चर्चा में भाग लेने से मना कर दिया-रिपोर्ट

द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक मनीष तिवारी इस चर्चा में भाग लेना चाहते थे और उन्होंने पार्टी नेतृत्व को पत्र लिखकर अपनी इच्छा भी जताई थी। हालांकि, कांग्रेस ने उन्हें बोलने के लिए नहीं चुना। कांग्रेस सांसद अमर सिंह, जो प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे, उन्हें भी पार्टी ने बहस में बोलने का मौका नहीं दिया। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि जहां तक थरूर का सवाल है, कांग्रेस ने केरल के इस सांसद से बहस के दौरान बोलने का अनुरोध किया था। हालांकि, थरूर ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया, क्योंकि उन्होंने कहा कि वे 'ऑपरेशन सिंदूर' की आलोचना में पार्टी लाइन का समर्थन नहीं कर सकते।

मैं 'मौन व्रत' पर हूं-थरूर

थरूर ने पार्टी नेतृत्व को यह भी बताया कि उन्होंने विदेश यात्राओं के दौरान लगातार यह कहा है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' एक सफल अभियान था, और वे इस राय से हट नहीं सकते। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वे संसद में बोलेंगे, तो इस वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने अपनी ही पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि वे 'मौन व्रत' पर हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!