देश

Manipur Violence: मणिपुर में फिर हिंसा भड़की, भीड़ ने चौकियों पर हमला कर लूटे हथियार; 7 अवैध बंकर नष्ट

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Aug 4, 2023, 06:51 AM IST

Manipur Violence: मणिपुर के कौट्रुक, हारोथेल और सेनजम चिरांग इलाकों में क्रॉस-फायरिंग की घटनाओं के दौरान एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया।

Image

मणिपुर में फिर बिगड़े हालात (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Manipur Violence: मणिपुर में पिछले कई महीनों से हिंसा जारी है। सुरक्षाबलों की लाख कोशिशों को बावजूद इसपर अभी तक पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। ताजा मामले में भीड़ ने पुलिस की सुरक्षा चौकियों पर हमला करके, हथियार लूट लिए हैं। साथ ही कुछ इलाकों में गोलीबारी की भी खबर है। वहीं सुरक्षाबलों की तरफ से कहा गया है कि उनकी कार्रवाई में 7 अवैध बंकर नष्ट कर दिए गए हैं।

एक सुरक्षाकर्मी की मौत

मणिपुर पुलिस की तरफ से जारी एक आधिकारिक बयान में राज्य में स्थिति को "पिछले 24 घंटों में गोलीबारी और अनियंत्रित भीड़ की छिटपुट घटनाओं के साथ अस्थिर और तनावपूर्ण" बताया गया है। बयान में कहा गया है कि राज्य के कौट्रुक, हारोथेल और सेनजम चिरांग इलाकों में क्रॉस-फायरिंग की घटनाओं के दौरान एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया।

25 लोग घायल

बयान में कहा गया है कि लगभग 600 लोगों की अनियंत्रित भीड़ फौगाकचाओ इखाई इलाके में जमा हो गई, जहां अधिकारियों को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े, जिसमें 25 लोग घायल हो गए। बयान में कहा गया है कि भीड़ ने कई इलाकों में पुलिस स्टेशनों पर भी हमला किया। जहां से हथियार और गोला-बारूद लूट लिया गया है।

अवैध बंकर नष्ट

इसमें आगे कहा गया है कि अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में अभियान चलाने के लिए सुरक्षा बलों को तैनात किया है, कौट्रुक पहाड़ी श्रृंखला में संयुक्त सुरक्षा बलों के अभियान के दौरान सात अवैध बंकरों को नष्ट कर दिया। अधिकारी संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में यातायात की आवाजाही पर भी नजर रख रहे हैं। बयान में कहा गया है कि राज्य भर में कई जिलों में कुल 129 चौकियां स्थापित की गई हैं, जबकि पुलिस ने राज्य के आदेशों के उल्लंघन के लिए लगभग 1047 लोगों को हिरासत में लिया है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article