देश

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, खेत जा रहे ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग, 2 ग्रामीणों की मौत; नागा संगठनों ने बंद का किया ऐलान

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में एक नागा गांव पर हुए हथियारबंद हमले में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हमला उस समय हुआ जब ग्रामीण अपने खेतों की ओर जा रहे थे। घटना के बाद नागा संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है, जिसके विरोध में क्षेत्र में बंद और प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।

Image

मणिपुर के कांगपोकपी में नागा गांव पर खौफनाक हमला (फाइल फोटो)

Photo : ANI

मणिपुर में जारी हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य के कांगपोकपी जिले से एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ शुक्रवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने एक नागा गांव को निशाना बनाया। इस अचानक हुए हमले में दो ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव चरम पर है और नागा बहुल क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह खौफनाक घटना सुबह करीब 8 बजे लंका नागा गांव में हुई। ग्रामीण सुरक्षा वालंटियर्स की मौजूदगी में अपने खेतों की तरफ काम करने जा रहे थे, तभी अत्याधुनिक हथियारों से लैस हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। मृतकों की पहचान डब्ल्यू चावांग (34) और के अबोनमई (55) के रूप में हुई है। चावांग ने सिर में गोली लगने के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अबोनमई ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घायलों को तुरंत इंफाल के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस हमले के बाद गांव के वालंटियर्स ने भी जवाबी कार्रवाई की। गौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार रात भी जिले के टोकपा लियांगमई नागा गांव में उपद्रवियों ने हमला कर 9 घरों को आग के हवाले कर दिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से नागा समुदाय में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

नागा पीपुल्स फ्रंट ने घटना पर जताया गहरा दुख

अस्पताल में घायलों से मिलने पहुंचे नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के विधायक अवंगबाउ न्यूमई ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने रोष प्रकट करते हुए सभी समुदायों से हिंसा रोकने और शांति बनाए रखने की भावुक अपील की। दूसरी ओर, 'ऑल नागा स्टूडेंट्स यूनियन मणिपुर' (ANSAM) और 'लियांगमई नागा काउंसिल' ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।

लियांगमई नागा बहुल इलाकों में 'इमरजेंसी शटडाउन' की घोषणा

विरोध में लियांगमई नागा बहुल इलाकों में 'इमरजेंसी शटडाउन' (आपातकालीन बंद) की घोषणा की गई है। आक्रोशित लोगों ने इंफाल वेस्ट के कांगलाटोंगबी इलाके में सड़कों पर पत्थर रखकर और टायर जलाकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। मई 2023 से जारी जातीय संघर्ष में अब तक 260 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article