देश

चलती ट्रेन में मौत! शीशा तोड़ यात्री की गर्दन में घुसा सरिया, हो गई दर्दनाक मृत्यु

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 4, 2022, 12:07 AM IST

चलती ट्रेन में शीशा तोड़कर रॉड के घुसने के कारण एक शख्स की जान चली गई। घटना अलीगढ़ के पास की है। मृतक यूपी के सुल्तानपुर का रहने वाला था। पुलिस इस मामले को लेकर जांच में जुट गई और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Image

चलती ट्रेन में शख्स की मौत

Photo : iStock

मौत कब और कहां से आ जाए कोई नहीं जानता, कुछ मौतें तो इस तरह से होती हैं कि विश्वास करना ही मुश्किल है। यूपी में एक शख्स की मौत चलती ट्रेन में हो गई है, वो भी एक लोहे की रॉड घुसने के कारण।

क्या है मामला

दरअसल दिल्ली से चल कर पुरी को जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस जब अलीगढ़ के नजदीक थी, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। चलती ट्रेन में अचानक से एक लोहे की रॉड आ घुसी। यह सरिया शीशे को तोड़ते हुए अंदर घुसा और एक शख्स की गर्दन में जा घुसा। जिससे उसकी मौत हो गई है।

खिड़की के पास बैठा था शख्स

घटना के समय पीड़ित नीलांचल एक्सप्रेस में कोने की सीट पर बैठा था। तभी लोहे की रॉड ने उसकी गर्दन को निशाना बना लिया। मृतक की पहचान हरिकेश कुमार दुबे के रूप में हुई है। शव को अलीगढ़ जंक्शन स्टेशन पर रेलवे पुलिस को सौंप दिया गया है।

बचाने की कोशिश

जैसे ही यह घटना घटी रेलवे के कर्मचारियों ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर शख्स को उतार कर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद रेलवे पुलिस ने लाश को कब्जे में ले लिया और परिजनों को इसकी सूचना दी गई।

चल रहा था काम

मिली जानकारी के अनुसार जहां ये घटना घटी है, वहां रेलवे द्वारा ट्रैक बिछाने का काम किया जा रहा था। इसी कार्य के दौरान उपयोग होने वाले रॉड से यह घटना घटी है। आरपीएफ और जीआरपी इस मामले की संयुक्त जांच कर रही है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article