देश

PM मोदी को ‘आतंकवादी’ कहने पर घमासान: BJP बोली- वे जाकिर नाइक को शांतिदूत...; कांग्रेस ने क्या दिया जवाब, जानें

मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पीएम मोदी को आतंकवादी कहे जाने पर सियासी बवाल मच गया है। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने इसे लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सहित तमान कांग्रेसी नेता लगातार पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस नेता भी अपने अध्यक्ष के समर्थन में उतर आए हैं।

Image

केसी वेणुगोपाल और संबित पात्रा।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पीएम मोदी को आतंकवादी कहे जाने पर सियासी बवाल मच गया है। भाजपा ने उनके इस बयान को लेकर कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल खड़े किए हैं। साथ ही खरगे के बयान को राजनीतिक षड्यंत्र बताया। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने इसे लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सहित तमान कांग्रेसी नेता लगातार पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस नेता भी अपने अध्यक्ष के समर्थन में उतर आए हैं। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने मल्लिकार्जुन खरगे का बचाव करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी एक गैर-मुद्दे को मुद्दा बनाने का प्रयास कर रही है।

कांग्रेस जाकिर नाइक को शांति का दूत कहती है और पीएम मोदी को आतंकी- संबित पात्रा

दरअसल, तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी को 'एक आतंकवादी जो समानता में विश्वास नहीं करता'कहकर विवाद खड़ा कर दिया। जिस पर अब भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया आई है। लोकसभा सांसद और भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री को आतंकी कहना कोई भूल नहीं है। अगर वह सफाई दे रहे हैं तो आप याद रखिए, ये कांग्रेस का जानबूझकर किया गया षड्यंत्र है। कुछ दिनों से हम सभी देख रहे हैं कि कांग्रेस के तमाम नेताओं समेत राहुल गांधी पीएम मोदी को लेकर किस तरह की अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने भाषणों में पीएम मोदी के लिए तू-तड़ाक की भाषा का इस्तेमाल करते हैं। आज तो हद हो गई, जब राहुल गांधी के कहने पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री को आतंकवादी कह दिया। ये वही पार्टी है, जो ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी कहती है और बड़े-बड़े आतंकियों के साथ खड़ी रहती है। कांग्रेस जाकिर नाइक को शांति का दूत कहती है और पीएम मोदी को आतंकी।

वे असल में भारतीयों को ही आतंकवादी कह रहे- पीयूष गोयल

वहीं, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने 'एक्स'पोस्ट में कहा,"मुझे शर्म आती है कि कांग्रेस और डीएमके इतनी नीचता पर उतर आए हैं कि वे भारत की जनता द्वारा लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री का अपमान कर रहे हैं और उन्हें 'आतंकवादी' कह रहे हैं। राहुल गांधी और एमके स्टालिन को प्रधानमंत्री के साथ-साथ भारत की उस जनता के इस घोर अपमान के लिए माफी मांगनी चाहिए, जिसने उन्हें वोट देकर सत्ता में पहुंचाया है।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और डीएमके ने अपने इस बयान से 140 करोड़ भारतीयों को अपमानित किया है, जिसमें हमारे 8 करोड़ तमिल भाई-बहन भी शामिल हैं। यह अपवित्र गठबंधन,प्रधानमंत्री को निशाना बनाकर,असल में भारतीयों को ही आतंकवादी कह रहा है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री पर इस तरह के निजी हमले उनके चुनावी भविष्य को नहीं बदल पाएंगे, जो उन लोगों के गुस्से के कारण पहले ही तय हो चुका है, जिन्होंने उनके कुशासन को झेला है।

इस बार भी जनता देगी जवाब- अमित शाह

वहीं, अमित शाह ने भी कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर दिन अपने आचरण में नए निचले स्तर पर पहुंच रही है और सार्वजनिक चर्चा के स्तर को गिराने में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ रही है। आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सार्वजनिक आचरण के सभी मानकों का उल्लंघन करते हुए भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहकर देश को शर्मिंदा किया। देश के सर्वोच्च नेता का यह अपमान उन लाखों लोगों का अपमान है जो मोदी जी से प्रेम करते हैं और उनका समर्थन करते हैं। पिछले 12 वर्षों में आतंकवाद को पूरी तरह से समाप्त करने वाले पीएम मोदी जैसे नेता को आतंकवादी कहना अत्यंत निंदनीय है। जब भी कांग्रेस पीएम मोदी पर अपशब्दों का प्रयोग करती है, तो भारत की जनता ही उन्हें जवाब देती है। इस बार भी जनता ही जवाब देगी।

आपत्तिजनक टिप्पणी ने उनकी मृत 'साख' को भी रसातल में पहुंचा दिया- सीएम योगी

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी कांग्रेस अध्यक्ष के बयान को लेकर निधाना साधा है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट से एक पोस्ट करते हुए लिखा, 'देश के लोकप्रिय, लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की असंसदीय टिप्पणी अक्षम्य, अति निंदनीय और भारतीय लोकतंत्र की मर्यादाओं का घोर अपमान करने वाली है।

यह बयान कांग्रेस की हताशा, निराशा, मानसिक दिवालियापन और गिरती हुई राजनीतिक संस्कृति का स्पष्ट परिचायक है। मुद्दाविहीन, जनाधार-विहीन और नीतिविहीन, कुंठित कांग्रेस को समझ लेना चाहिए कि इस आपत्तिजनक टिप्पणी ने उनकी मृत 'साख' को भी रसातल में पहुंचा दिया है। प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व में भारत आज वैश्विक मंच पर सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक भूमिका में है। उनके प्रति इस प्रकार की टिप्पणी 145 करोड़ देशवासियों का भी अपमान है। कांग्रेस पार्टी को अपने इस अशोभनीय कृत्य के लिए देश और प्रधानमंत्री जी से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी चाहिए।

खरगे के समर्थन में उतरे केसी वेणुगोपाल

भाजपा के हमलों के बाद कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल भी मल्लिकार्जुन खरगे के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने कहा,"वे (भाजपा) एक मामूली मुद्दे को मुद्दा बनाने की कोशिश करेंगे...प्रधानमंत्री मोदी ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल करके लोगों को डराने की कोशिश कर रहे हैं। मल्लिकार्जुन खरगे ने यही कहा था। आप भी इन सब कैमरा ट्रिक्स से वाकिफ हैं। वे सिर्फ उसी खास क्लिप का इस्तेमाल कर रहे हैं...और खरगे जी ने खुद स्पष्ट किया है कि उन्होंने पीएम मोदी को 'आतंकवादी'नहीं कहा है... तो फिर भाजपा उन्हें क्यों निशाना बना रही है, यह एक अनुचित बात है।"

क्या बोले थे मल्लिकार्जुन खरगे?

यह विवाद तब खड़ा हुआ जब तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मल्लिकार्जुन खरगे पत्रकारों से बात कर रहे थे। खरगे ने पेरियार, अंबेडकर और अन्नादुराई के आदर्शों का हवाला देते हुए तर्क दिया कि भाजपा की नीतियां, विशेष रूप से परिसीमन के संबंध में, न्याय और समानता के सिद्धांतों के लिए खतरा हैं। उन्होंने कहा, “मैं तमिलनाडु के लोगों का भी धन्यवाद करता हूं जिन्होंने हमें सांसद दिए, इसी वजह से हम इस विधेयक के खिलाफ लड़ सके और इसे हरा सके। यह वैज्ञानिक सोच और पेरियार, डॉ. अंबेडकर, अन्नादुरई, महान कामराज और करुणानिधि के आदर्शों की भूमि है। ये लोग महिला आरक्षण, न्याय, समानता और बंधुत्व के लिए खड़े रहे। मोदी इन सिद्धांतों के लिए नहीं हैं और एक बात मैं और कहना चाहता हूँ कि एआईएडीएमके के लोग, जिन्होंने खुद अन्नादुरई की तस्वीर लगाई है, वे मोदी जैसे आतंकवादी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं,जो समानता में विश्वास नहीं करते,उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती और ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।”

बाद में सफाई भी दी

इसके बाद जब उनसे उनके शब्दों के चयन के बारे में पूछा गया, तो खरगे ने अपने बयान को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका मतलब था कि प्रधानमंत्री केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग करके राजनीतिक विरोधियों को "आतंकित" करते हैं। उन्होंने सफाई देते हुए कहा,'वह (प्रधानमंत्री मोदी) लोगों और राजनीतिक दलों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं...मेरा मतलब यह है कि मोदी हमेशा धमकी देते हैं। ईडी,आईटी और सीबीआई जैसी संस्थाएं उनके इशारों पर चलती हैं।"

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article