देश

शिवसेना यूबीटी के 6 बागी सांसदों को आखिर किससे है खतरा, महाराष्ट्र पुलिस ने क्यों दी Y-Plus सुरक्षा?

महाराष्ट्र के बागी सांसदों को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इन सांसदों को सुरक्षा ऐसे समय दी गई है जब उनके अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ता उनके कथित दलबदल की कोशिशों का विरोध कर रहे हैं और खुलेआम धमकियां दे रहे हैं।

Image

उद्धव गुट के बागी सांसदों को मिली वाई प्लस सिक्योरिटी। (फोटो- AI)

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) में मची उठापटक के बीच महाराष्ट्र पुलिस ने पार्टी के छह बागी सांसदों को Y-Plus सुरक्षा प्रदान की है। राज्य पुलिस के इंटेलिजेंस आयुक्त शिरीष जैन ने इसे लेकर एक लेटर भी जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि ये फैसला पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से बागियों को लगातार मिल रही धमकियों के बाद लिया गया है।

महाराष्ट्र पुलिस के खुफिया आयुक्त शिरीष जैन ने जो लेटर जारी किया है, उसमें बताया गया है कि सांसदों को वाई प्लस सुरक्षा दी गई है। इन सांसदों में संजय दीना पाटिल (मुंबई उत्तर-पूर्व),संजय देशमुख (यवतमाल-वाशिम), संजय जाधव (परभणी), भाऊसाहेब वाकचौरे (शिरडी),नागेश पाटिल-अष्टीकर (हिंगोली) और ओमप्रकाश राजे निंबालकर (धाराशिव/उस्मानाबाद) का नाम शामिल है। इन लोगों कोतत्काल प्रभाव से वाई प्लस सुरक्षा मुहैया कराई गई है। बता दें कि वाई प्लस सुरक्षा में 11 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाते हैं।

इन सांसदों को सुरक्षा ऐसे समय दी गई है जब उनके अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ता उनके कथित दलबदल की कोशिशों का विरोध कर रहे हैं और खुलेआम धमकियां दे रहे हैं।

    इससे पहले, उद्धव ठाकरे की पार्टी की दिल्ली में आयोजित महत्वपूर्ण संसदीय दल की बैठक में ये छह सांसद शामिल नहीं हुए थे।इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बागी सांसदों के खिलाफ 'ऑपरेशन तुड़वा' शुरू करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जो नेता पार्टी से गद्दारी करेंगे, उन्हें शिवसैनिकों के गुस्से से बचाने के लिए भारतीय वायुसेना की सुरक्षा भी कम पड़ जाएगी। राउत ने बैठक में शामिल नहीं होने वाले सांसदों पर निशाना साधा और उनके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।

    वहीं, वाशिम में पार्टी के एक स्थानीय नेता ने सांसद संजय देशमुख को चेतावनी दी कि यदि उन्होंने सांसद पद से इस्तीफा दिए बिना पार्टी छोड़ी तो उन्हें क्षेत्र में घुसने नहीं दिया जाएगा और उनकी गाड़ी तक जला दी जाएगी। इसी तरह, धाराशिव में भी शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं ने कहा कि जो नेता पार्टी छोड़ेंगे, उनके चेहरे पर गोबर पोता जाएगा और उन्हें क्षेत्र में खुलकर घूमने नहीं दिया जाएगा।

    Shiv Shukla
    शिव शुक्लाauthor

    शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

    और पढ़ें
    End of Article
    Subscribe to our daily Newsletter!