Country's First Menopause Clinics: महाराष्ट्र सरकार ने सरकारी अस्पतालों और शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में देश के पहले विशेष मीनोपॉज क्लीनिक (menopause clinics) स्थापित किए हैं, ताकि जीवन के इस महत्वपूर्ण चरण में महिलाओं की शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा किया जा सके। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन क्लीनिकों में विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, हड्डियों, हृदय और हार्मोनल स्वास्थ्य की जांच के साथ-साथ दवाएं और मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं।
मीनोपॉज में महिलाओं को कई दिक्कतें
मीनोपॉज को एक संवेदनशील और अक्सर उपेक्षित अवस्था माना जाता है, जिसमें महिलाओं को शारीरिक परिवर्तन, मानसिक तनाव, हार्मोनल असंतुलन, हड्डियों से संबंधित समस्याएं, नींद संबंधी विकार और अवसाद का सामना करना पड़ता है। इस लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पहचानते हुए, राज्य सरकार ने विशेष रूप से महिलाओं के लिए मीनोपॉज क्लीनिक शुरू करने का निर्णय लिया है। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
14 जनवरी को इस पहल का शुभारंभ
स्वास्थ्य राज्य मंत्री मेघना बोरदिकर के मार्गदर्शन में मकर संक्रांति के अवसर पर 14 जनवरी को इस पहल का शुभारंभ किया गया। बोरदिकर ने कहा, रजोनिवृत्ति यानी मीनोपॉज कोई बीमारी नहीं बल्कि एक महिला के जीवन का एक प्राकृतिक चरण है। हालांकि, इस दौरान महिलाओं को मजबूत शारीरिक और भावनात्मक सहारे की जरूरत होती है, और इन क्लीनिकों की शुरुआत यह सुनिश्चित करने के लिए की गई है कि उन्हें उचित सलाह, उपचार और सम्मान मिले।
अधिकारियों के अनुसार, महाराष्ट्र देश का पहला राज्य बन गया है जिसने इस तरह के विशेष रजोनिवृत्ति क्लीनिक शुरू किए हैं, और उम्मीद है कि यह कदम अन्य राज्यों के लिए एक आदर्श बनेगा। उन्होंने बताया कि इस पहल को राज्य भर की महिलाओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, जिनमें से कई ने लक्षित स्वास्थ्य सेवा सहायता के लिए संतुष्टि और आभार व्यक्त किया है।
