महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को शिवसेना (UBT) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ( MNS) नेता राज ठाकरे के बीच संभावित सुलह की मीडिया रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया । फडणवीस ने संवाददाताओं से कहा, 'मुझे 'बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना' बनने में कोई रुचि नहीं है। ये दो पार्टियां हैं, दो भाई हैं - यह उन पर निर्भर है कि वे अपनी कार्रवाई का तरीका तय करें। एक बार जब वे अपना निर्णय ले लेंगे, तो हम जवाब देंगे।'
उन्होंने कहा, 'तब तक मीडिया को अटकलों का बाजार गर्म रखने दीजिए। मैं इस पर प्रतिक्रिया क्यों दूं? एक बात मैं स्पष्ट रूप से देख सकता हूं: हालांकि हम नहीं जानते कि उनके बीच कितनी वास्तविक बातचीत हो रही है, लेकिन मीडिया में निश्चित रूप से बहुत सारी बातें हो रही हैं। इसलिए फिलहाल मैं कोई प्रतिक्रिया नहीं दूंगा।'
गौर हो कि उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की एक तस्वीर शिवसेना के मुखपत्र सामना के फ्रंट पेज पर छापी गई है। इससे महाराष्ट्र की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। इस बीच, शुक्रवार को उद्धव ठाकरे से मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज ठाकरे की पार्टी से गठबंधन को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के दिल में जो होगा वही होगा।
यह तस्वीर ऐसे समय में प्रकाशित हुई है, जब उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के साथ गठबंधन को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों को देखते हुए यह दोनों दलों के लिए रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। गठबंधन की रूपरेखा और शर्तों पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
ध्यान रहे कि महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों की घोषणा होनी है, ऐसे में दोनों भाइयों के साथ आने की संभावना की खबरों को और बल मिल रहा है। राज ठाकरे ने अविभाजित शिवसेना छोड़कर 2006 में मनसे पार्टी बनायी थी।
