देश

"सदी के सबसे बड़े धूर्त...", नोटों पर लक्ष्मी-गणेश की फोटो पर छिड़े विवाद के बीच केजरीवाल पर भड़के कुमार विश्वास!

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 27, 2022, 08:16 AM IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री से देश की "आर्थिक समृद्धि" के लिए नए नोटों पर देवी लक्ष्मी और भगवान गणेश की फोटो को लगाने की मांग की है। केजरीवाल की इस मांग के बाद से वो भाजपा के निशाने पर आ गए हैं।

Image

लक्ष्मी-गणेश की फोटो वाली मांग पर केजरीवाल पर भड़के कुमार विश्वास (Dr. Kumar Vishwas Facebook)

नोटों पर लक्ष्मी-गणेश की फोटो को लगाने की AAP की मांग के बाद से इस पर विवाद बढ़ता ही चला रहा है। इस मांग को लेकर आप बीजेपी के निशाने पर तो आ गई है, साथ ही लोग भी इसके लिए केजरीवाल की आलोचना कर रहे हैं। इसी क्रम में केजरीवाल के पूर्व साथी और कवि कुमार विश्वास ने आप पर निशाना साधा है।

क्या कहा कुमार विश्वास ने

कुमार विश्वास ने ट्वीट करके इशारों ही इशारों में बता दिया है कि इस मांग के पीछे आप की क्या रणनीति है। ट्वीट में कुमार विश्वास ने कहा- "दोनों बीजेपी और कांग्रेस सदी के सबसे बड़े धूर्त से फ़ालतू ही तर्क कर रहे हैं। उसे पता है कि अल्पसंख्यक वोटबैंक में तो अखिलेश-ममता-नीतीश, आधा दर्जन दावेदार हैं, 82% हिंदू वोटबैंक से आधा भी फंसा लो तो बाकी अल्पसंख्यक तो दुत्कारने पर भी मोदी विरोध में मजबूरी में वोट देंगे ही।"

क्या है आप की पूरी मांग

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नोटों पर भगवान गणेश और देवी लक्ष्मी की तस्वीरें लगाने की अपील की है। एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान, उन्होंने कहा कि गणेश और लक्ष्मी की तस्वीरें नई नोटों पर मुद्रित की जा सकती हैं। उन्होंने कहा- " इंडोनेशिया एक मुस्लिम देश है। वहां 85% मुस्लिम और केवल 2% हिंदू हैं लेकिन वहां की करेंसी पर श्री गणेश जी की तस्वीर है। मेरी प्रधानमंत्री जी से अपील है कि नए छपने वाले नोटों पर भी माता लक्ष्मी और श्री गणेश जी की तस्वीरें लगाई जाए।"

भाजपा ने क्या कहा

भाजपा ने केजरीवाल की पिछली टिप्पणियों का हवाला देते हुए दावा किया कि नोटों पर भगवान गणेश और देवी लक्ष्मी की फोटो की मांग एक और बड़ा यू-टर्न हैं। भाजपा ने दावा किया कि केजरीवाल ढोंग कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा- "ये अरविंद केजरीवाल जी वही व्यक्ति हैं, जिन्होंने विगत वर्षों में कहा था कि जहां राम मंदिर बन रहा है, वहां तो अस्पताल बनना चाहिए।"

बता दें कि इस मामले पर अभी और विवाद बढ़ ही सकता है। क्योंकि आप की ओर से लगातार बीजेपी पर हमले जारी हैं और वो अपनी मांग को लगातार दोहरा रही है। वहीं बीजेपी भी इस मामले पर आप को छोड़ने के मूड में नहीं दिख रहा है और जोर-शोर से पलटवार कर रही है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article