देश

PM मोदी ने खालिदा जिया के निधन पर जताया शोक, कहा- भारत-बांग्लादेश संबंधों में योगदान रहेगा याद

बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री और BNP की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया का मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे ढाका में निधन हो गया। 80 वर्षीय खालिदा जिया पिछले 20 दिनों से वेंटिलेटर पर थीं। उनके निधन पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

Image

पीएम मोदी ने साझा खालिदा जिया के साथ की तस्वीर (फाइल फोटो | @narendramodi/X)

Photo : Twitter

PM Modi on Khaleda Zia Death: बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की प्रमुख बेगम खालिदा जिया का मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ढाका में निधन हो गया। वे 80 वर्ष की थीं और पिछले 20 दिनों से वेंटिलेटर पर थीं। उनके निधन पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

पीएम मोदी का संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि उन्हें खालिदा जिया के निधन की खबर से गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने दिवंगत नेता के परिवार और बांग्लादेश की जनता के प्रति संवेदना जताई। पीएम मोदी ने कहा कि बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में खालिदा जिया का योगदान देश के विकास और भारत-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत करने में अहम रहा है। उन्होंने 2015 में ढाका में हुई अपनी मुलाकात को भी याद किया और कहा कि उनकी सोच और विरासत दोनों देशों की साझेदारी को आगे भी दिशा देती रहेंगी।

लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहीं थीं

खालिदा जिया पिछले कई वर्षों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। उन्हें सीने में संक्रमण, लिवर और किडनी से जुड़ी बीमारी, डायबिटीज, गठिया और आंखों से संबंधित दिक्कतें थीं। हाल ही में उनकी तबीयत और बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।

BNP ने की 7 दिन के शोक की घोषणा

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने अपनी अध्यक्ष खालिदा जिया के निधन पर सात दिन का शोक घोषित किया है। यह घोषणा मंगलवार को ढाका के एवरकेयर अस्पताल में पार्टी के वरिष्ठ संयुक्त सचिव जनरल रुहुल कबीर रिजवी ने की। शोक अवधि के दौरान BNP के नयापल्टन स्थित केंद्रीय कार्यालय और देशभर के सभी पार्टी दफ्तरों पर काले झंडे लगाए जाएंगे। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सात दिनों तक काले बैज पहनेंगे। इस दौरान कार्यालयों में विशेष दुआएं और कुरान की तिलावत की जाएगी। साथ ही खालिदा जिया के लिए शोक संदेश दर्ज करने हेतु कंडोलेंस बुक खोली जाएंगी, जो BNP मुख्यालय, गुलशन स्थित चेयरपर्सन कार्यालय और जिला स्तर के पार्टी दफ्तरों में उपलब्ध रहेंगी।

दो बार संभाली बांग्लादेश की कमान

खालिदा जिया बांग्लादेश की राजनीति की सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिनी जाती थीं। उन्होंने 1991 से 1996 और फिर 2001 से 2006 तक दो बार देश की प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। वे बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की पत्नी थीं और दशकों तक BNP का नेतृत्व किया। खालिदा जिया के बड़े बेटे और BNP के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान 2008 से लंदन में रह रहे थे और हाल ही में 25 दिसंबर को बांग्लादेश लौटे थे। उनके छोटे बेटे अराफात रहमान का वर्ष 2015 में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article