बिहार के भोजपुर जिले के आरा से एक सनसनीखेज और दर्दनाक वारदात सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकिया गांव के पास आयोजित एक शादी समारोह में जयमाला की रस्म संपन्न होने के बाद छह हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गोली लगने से घायल हो गया। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय राहुल कुमार और 21 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है। दोनों को आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी व मामले की तह तक जाने के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
रात करीब 11 बजे हुई गोलीबारी, एक घायल खतरे से बाहर
घटना को लेकर एसडीपीओ (सदर-1) सुशील कुमार ने जानकारी दी कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकिया गांव में शादी समारोह के पास रात करीब 11:00 बजे तीन लोगों को गोली मारी गई। गोली लगने से राहुल कुमार और दीपक कुमार की मौत हो गई। वहीं, तीसरे घायल युवक की स्थिति को लेकर पुलिस ने बताया कि वह फिलहाल खतरे से बाहर है और उसका उपचार चल रहा है। एसडीपीओ सुशील कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश या विवाद होने की बात सामने आई है।
अपराधियों की पहचान, SIT करेगी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) गठित कर दिया गया है। सुशील कुमार ने घटा की जानकारी देते हुए बताया कि "रात करीब 11 बजे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकिया गांव में एक शादी समारोह के पास तीन लोगों को गोली मारी गई थी, जिनमें से दो की मौत हो गई है। घायल व्यक्ति खतरे से बाहर है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। हमने SIT का गठन किया है और वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान कर ली गई है।" पुलिस की टीमें चिन्हित आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच जारी है।
