शहर

देर रात कैफे का ताला खोलकर की पार्टी, फिर सहकर्मियों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, 2 महिलाओं समेत 3 गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक कैफे के भीतर 22 वर्षीय युवती से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

Image

कड़कड़डूमा मॉल के कैफे में हुई दरिंदगी

Photo : ANI

दिल्ली के पूर्वी जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रीत विहार स्थित एक कैफे में अपनी सहकर्मियों के साथ पार्टी करने गई 22 वर्षीय युवती के साथ कथित तौर पर दो सहकर्मियों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

रात 11:30 बजे बंद हुआ था कैफे, दोबारा खोलकर की पार्टी

पुलिस सूत्रों और शिकायतकर्ता से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता और इस मामले में शामिल सभी आरोपी कड़कड़डूमा इलाके में स्थित एक मॉल के कैफे में सहकर्मी हैं। सोमवार रात करीब 8 लोग प्रीत विहार स्थित कैफे में एकत्रित हुए थे। नियमों के मुताबिक कैफे रात करीब 11:30 बजे बंद हो गया था। हालांकि, समूह के एक सदस्य के पास कैफे की चाबी थी। कैफे बंद होने के बाद उन्होंने चाबी से ताला खोला और अंदर दोबारा प्रवेश कर पार्टी शुरू कर दी। समूह के सदस्यों ने कैफे के भीतर कई घंटों तक शराब पी और रातभर वहां रहे। वे तड़के सुबह करीब 3:30 बजे कैफे से बाहर निकले।

सहकर्मियों पर दुष्कर्म और साजिश में साथ देने का आरोप

कैफे से बाहर निकलने के बाद युवती ने आरोप लगाया कि उसके दो पुरुष सहकर्मियों ने उसके साथ जबरन यौन उत्पीड़न और सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि वहां मौजूद अन्य सहकर्मियों, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, ने आरोपियों का विरोध करने के बजाय इस अपराध में उनका साथ दिया और साजिश में भागीदार रहे।

तीन आरोपी गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस हरकत में आई और पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं और सामूहिक दुष्कर्म के तहत प्राथमिकी दर्ज की। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने बताया है कि प्रीत विहार इलाके में 22 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म के सिलसिले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बीती रात 8 लोग कैफे गए थे जो 11:30 बजे बंद हो गया था, लेकिन एक के पास चाबी होने के कारण दोबारा खोलकर पार्टी की गई। सुबह 3:30 बजे निकलने के बाद दुष्कर्म का आरोप है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगी हुई हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article