Rahul Gandhi in Wayanad: कांग्रेस के पूर्व चीफ राहुल गांधी ने कहा है कि संसद का सदस्य सिर्फ एक टैग भर है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) उनसे यह तमगा छीन सकती है। घर (आवास) वापस ले सकती है और चाहे तो जेल में डाल सकती है, मगर उन्हें जनता का प्रतिनिधित्व करने के साथ उसकी आवाज उठाने से नहीं रोक सकती। ये बातें उन्होंने मंगलवार (11 अप्रैल, 2023) को केरल के वायनाडमें कहीं।
अपनी लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के बाद यह उनकी पहली बार वायनाड यात्रा रही और इस दौरान कांग्रेस महासचिव व बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी साथ थीं, जिन्होंने दावा किया- राहुल सच के लिए लड़ रहे हैं। यही वजह है कि उन्हें लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराया गया। सरकार एक व्यक्ति को बचाने के लिए सब कुछ कर रही है और इस व्यक्ति का नाम गौतम अडाणी है।
राहुल-प्रियंका ने वायनाड में जनं सपर्क कार्यक्रम में हिस्सा लेनेके बाद जन सभा को संबोधित किया था। राहुल इस दौरान बोले- वायनाड और भारत के लोग ऐसे देश में रहना चाहते हैं जो स्वतंत्र हो, जहां उनके बच्चों को अपनी मर्जी के मुताबिक अध्ययन की स्वतंत्रता हो, जहां किसान अपने बेटे के इंजीनियर बनने की सपने देख सकता हो। मैं भाजपा से कई वर्षों से मुकाबला कर रहा हूं, लेकिन हैरानी होती है कि वो अपने विरोधी को समझ नहीं पाए। वो नहीं समझ पाते कि उनका विरोधी धमकी में आने वाला नहीं है। वो सोचते हैं कि मेरे घर पर पुलिस भेजने से मैं डर जाऊंगा, घर छीन लेने से परेशान हो जाऊंगा। मैं खुश हूं कि उन्होंने घर ले लिया।
बकौल गांधी, ‘‘मैंने देखा है कि जब वायनाड में बाढ़ आती है तो बहुत सारे लोग घर खो देते हैं। मैंने आप लोगों से सीखा है। मेरा घर 100 बार छीनो, मुझे फर्क नहीं पड़ता। मैं वायनाड और भारत के लोगों के मुद्दे उठाता रहूंगा। भाजपा लोगों को बांटती है, लोगों को लड़ाती है, धमकाती है। मैं लोगों को जोड़ने का काम करता रहूंगा। मैं सभी धर्मों, समुदायों और विचारों को एकसाथ लेकर आऊंगा। आप (भाजपा) कितने भी निर्मम हो जाएं, लेकिन मैं आपके प्रति दयालु बना रहूंगा।’’ उनके मुताबिक, भाजपा एक नजरिये का प्रतिनिधित्व करती है, कांग्रेस दूसरे नजरिये का प्रतिनिधित्व करती है।
वहीं, प्रियंका ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा के कुछ नेताओं ने कहा कि कांग्रेस ने एक व्यक्ति का मुद्दा उठाया और उसे जनता का मुद्दा बताया है। मुझे लगता है कि सरकार एक व्यक्ति को बचाने के लिए सब कुछ कर रही है। इस व्यक्ति का नाम गौतम अडाणी है। आज सरकार को लगता है कि वह किसी की आवाज बंद कर सकती है, हवाई अड्डे और बंदरगाहों को बेच सकती है...पूरी सरकार एक ऐसे व्यक्ति का बचाव कर रही है जिसने उनकी मदद से लाखों करोड़ रुपये कमाए, लेकिन किसान की मदद नहीं की जा रही जो प्रतिदिन 27 रुपये कमाता है। सरकार का मानना है कि वह भारत की मालिक है, लेकिन असल में भारत आप सभी लोगों का है।’’
