Imran Masood: सीट बंटवारे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गतिरोध पैदा हो गया है। सपा की ओर से से सहारनपुर और अन्य सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने पर कांग्रेस नाराज है और वह इसे गठबंधन धर्म के खिलाफ मान रही है। कांग्रेस के यूपी कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने गुरुवार को कहा कि सपा ऐसी सीटें कांग्रेस के खाते में डालना चाहती है जिन पर जीतना मुश्किल है। दूसरा अखिलेश यादव को यदि मुख्यमंत्री बनना है तो उन्हें बड़ा दिल दिखाना चाहिए। अगर सीटों की घोषणा ऐसी ही होती रहेगी तो बैठकों का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। सीट बंटवारे पर खड़े हुए विवाद पर इमरान ने टाइम्स नाउ नवभारत की संवाददाता रंजीता झा से खास बातचीत की है। पेश हैं इस बातचीत के मुख्य अंश-
'मैं पार्टी के फैसले से बंधा हुआ हूं'
बातचीत में इमरान ने कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व को सभी बातों से अवगत करा दिया है। जो फैसला पार्टी करेगी वह उससे बंधे हुए हैं। इमरान ने कहा,' हमें हमारा कोई अपना कुछ नहीं है। लेकिन मैं पार्टी के लिए लड़ रहा हूं। पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए लड़ रहा हूं। हमारी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता हैं। उनके उनके लिए लड़ रहा हूं। मेरा अपना कुछ भी नहीं है। मेरा व्यक्तिगत क्या है? कुछ भी नहीं है।'
मेरे परिवार से कोई चुनाव नहीं लड़ेगा-इमरान
इस सवाल पर कि सपा कह रही है आपका व्यक्तिगत मामला है। आप जिस तरह से बर्ताव कर रहे हैं...क्योंकि सहारनपुर की दो सीटें घोषित हुईं। आप अपने परिवार के किसी को यहां से टिकट देना चाहते थे इसलिए आपकी नाराजगी हो रही है। इस पर कांग्रेस नेता ने कहा, 'मुझे एक बात बताइए। मैंने कहा कि मेरे परिवार से कोई चुनाव नहीं लड़ेगा। तो मेरा व्यक्तिगत तो खत्म हो गया ना। मेरा व्यक्तिगत क्या रह गया? मैंने कहा मेरे परिवार से कोई अच्छा कोई चुनाव नहीं लड़ेगा। मैंने पहले मुझे पता था यह सब बातें होनी है। इसीलिए मैंने मेरे परिवार से कोई चुनाव नहीं लड़ेगा।'
'अगली बैठक के बारे में हमें कोई सूचना नहीं'
सपा पर हमला बोलते हुए इमरान ने आगे कहा कि 'तो आप हमारी पार्टी को रौंदते रहिए। आपकी ईगो क्या है साहब? आपकी ईगो क्या है कि आप पांच की लिस्ट जारी कर दें।' क्या लग रहा है अब अगले दौर की बैठक कैसे होगी? कहा जा रहा है कल बैठक हो सकती है आपकी और समाजवादी पार्टी का। कांग्रेस ने कुछ स्ट्रेटजी बनाई है। किस तरह से आप लोग बैठेंगे? कांग्रेस नेता ने कहा कि अभी हमारे पास बैठक की कोई सूचना नहीं है।
बैठक में हमें जलील किया जाता है-इमरान
कांग्रेस नेता ने कहा, 'बैठक में हमें ये कहा जाए कि आपकी जमानतते जब्त हैं। हमें कहा जाए कि साहब आपके पास बस्ते लगाने वाले नहीं है। आपके पास कार्यकर्ता नहीं है। आपका वोट बैंक इतना नहीं है। भाई जब हमारे पास ये सारी कमी है तो आप हमसे समझौता कर क्यों रहे? मत करो। तो आप मन बनाके बैठे हो कि हमको बेइज्जत करना है। हमको जलील करना है। हम क्यों बेइज्जत होंगे? मैंने बार-बार कहा कि हम तो जीरो हैं। जहां लगेंगे उसे 10 गुना कर देंगे। जो हमें लिस्ट मिलती है वो मीडिया से मिलती है। मतलब आप कमाल देखिए। हमें मीडिया से सूचना मिल रही है कि ये हो गया। अरे फिर हम कहां हैं?
