देश

ओमन चांडी की स्मृति में लोकतांत्रिक प्रतीक: राहुल और प्रियंका गांधी ने किया ऑडिटोरियम का उद्घाटन

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी ने केरल के वेन्नीओड की कोट्टथारा ग्राम पंचायत में ओमन चांडी मेमोरियल ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ऑडिटोरियम की सामुदायिक भागीदारी और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका की बात कही।

Image

राहुल-प्रियंका गांधी ने ओमन चांडी मेमोरियल ऑडिटोरियम का किया उद्घाटन (फोटो- Congress)

केरल के वायनाड जिले के वेन्नीओड की कोट्टथारा ग्राम पंचायत में शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी ने ओमन चांडी मेमोरियल ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। यह ऑडिटोरियम न केवल सामुदायिक भागीदारी और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा, बल्कि दिवंगत कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी की विनम्र नेतृत्व शैली और उनकी जनता से गहरे जुड़ाव की स्मृति को भी जीवंत रखेगा।

राहुल गांधी: “वायनाड ने मेरा परिवार जैसा साथ दिया”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने वायनाड के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “जब मेरे ऊपर हमले हो रहे थे, तब वायनाड के लोगों ने मेरी रक्षा की। आपने मेरे साथ वैसा ही व्यवहार किया जैसा मेरी मां या बहन करतीं। यह रिश्ता मैं कभी नहीं भूलूंगा।” उन्होंने ओमन चांडी को याद करते हुए कहा कि वे विनम्रता की मिसाल थे। राहुल ने कहा कि जब नेताओं को थोड़ी भी शक्ति मिल जाती है तो वे घमंडी हो जाते हैं, लेकिन चांडी हमेशा जमीन से जुड़े रहे। उन्होंने कहा कि आज जब लोकतांत्रिक जगहें कम हो रही हैं, ऐसे समय में इस ऑडिटोरियम का उद्घाटन महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह जनता को संवाद और संविधान की रक्षा का मंच देगा। राहुल गांधी ने केरल की राजनीति में पंचायत व्यवस्था की अहमियत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यहां की राजनीति की नींव घर-घर में है और यही भारत के लिए लोकतंत्र का आदर्श मॉडल है।

प्रियंका गांधी: “ओमन चांडी सेवा और विनम्रता के प्रतीक थे”

प्रियंका गांधी ने ऑडिटोरियम की नई सुविधा को वायनाड के समुदाय के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, “इससे पहले यहां मीटिंग या सभा के लिए कोई स्थान नहीं था। अब यह जगह सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनेगी।” उन्होंने अपने परिवार और ओमन चांडी के पुराने रिश्तों को याद करते हुए कहा कि उनकी मां सोनिया गांधी ने हमेशा चांडी को ईश्वर-विश्वासी और सेवा के लिए समर्पित नेता बताया। प्रियंका ने कहा, “यह ऑडिटोरियम उनके योगदान को हमेशा याद दिलाएगा। मुझे गर्व है कि यह उनके नाम पर बना है।”

वायनाड के दौरे पर थीं प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने वायनाड की स्थानीय चुनौतियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह इलाका बारिश के समय बाढ़ से प्रभावित होता है और आदिवासी समुदाय को स्वास्थ्य, शिक्षा व कनेक्टिविटी से जुड़ी गंभीर दिक्कतें हैं। किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे स्थानीय लोगों की जिंदगी बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के कार्यकाल में मंजूर की गई दो सीआरएफ सड़कें लगभग पूरी हो चुकी हैं और वे उनके अधूरे काम को आगे बढ़ाएंगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article