देश

Uttarakhand News: केदारनाथ पैदल मार्ग पर टूटा थारू ग्लेशियर, 100 मीटर रास्ता क्षतिग्रस्त; घोड़े-खच्चरों की आवाजाही ठप

केदारनाथ पैदल मार्ग पर लिनचोली के पास थारू ग्लेशियर टूटने से 100 मीटर रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। 22 अप्रैल से शुरू होने वाली यात्रा की तैयारियों के बीच इस घटना से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। राहत की बात यह है कि कोई घायल नहीं हुआ है, और डीडीएमए की टीमें मार्ग को बहाल करने में जुटी हैं।

Image

केदारनाथ के लिनचोली के पास अचानक थारू ग्लेशियर टूटने से भारी मात्रा में बर्फ मार्ग पर आ गई।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

चारधाम यात्रा से पहले केदारनाथ धाम के पैदल मार्ग पर प्रकृति ने बड़ी बाधा खड़ी कर दी है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे लिनचोली के पास 'थारू ग्लेशियर' अचानक टूट गया। ग्लेशियर टूटने से भारी मात्रा में बर्फ और मलबा पैदल रास्ते पर आ गिरा, जिससे करीब 100 मीटर रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

राहत और बचाव कार्य जारी

गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की टीमें मौके पर पहुँच चुकी हैं। डीडीएमए के अधिशासी अभियंता राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है ताकि यात्रा शुरू होने से पहले रास्ता सुचारू किया जा सके।

kedarnath (2)

लिनचोली के पास 'थारू ग्लेशियर' अचानक टूट गया।

घोड़े-खच्चरों की आवाजाही ठप

रास्ता बंद होने के कारण केदारनाथ धाम में चल रहे दूसरे चरण के पुनर्निर्माण कार्यों पर ब्रेक लग गया है। घोड़े-खच्चरों की आवाजाही ठप होने से निर्माण सामग्री और जरूरी राशन की सप्लाई रुक गई है। फिलहाल आपदा कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

बता दें कि केदारनाथ में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। हालांकि आज अधिकतर मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहा। वहीं राज्यभर में हुई बारिश और बर्फबारी ने अप्रैल में गर्म कपड़े पहनने को मजबूर कर दिया।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article