Karuru Steampade Tragedy: तमिलनाडु के करूर में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख विजय की रैली के दौरान भगदड़ मच गई। अभिनेता से राजनेता बने विजय को देखने के लिए भारी भीड़ जमा हुई थी। स्वास्थ्य सचिव पी. सेंथिल कुमार ने जानकारी दी कि इस हादसे में 39 लोगों की मौत हो गई।
वहीं, 50 से ज्यादा लोग घायल हैं। भगदड़ मचने के बाद में कई लोग बेहोश हो गए और 95 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे पर केंद्र सरकार ने संज्ञान लेते हुए भगदड़ पर तमिलनाडु सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
तमिलनाडु सरकार को भेजे अपने पत्र में गृह मंत्रालय ने भगदड़ की स्थिति और पीड़ितों के बचाव एवं उपचार के लिए उठाए गए कदमों के बारे में विस्तृत जानकारी देने को कहा है।
वहीं, स्टालिन सरकार ने भी घटना को लेकर आयोग का गठन किया है जिसकी अध्यक्षता रिटायर जज करेंगे। वहीं, भगदड़ को लेकर एक्टर विजय से भी पूछताछ हो सकती है।
अमित शाह ने दिया केंद्रीय सहायता का आश्वासन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से बात कर करूर में भगदड़ के बाद की स्थिति की जानकारी ली। स्थिति से निपटने के लिए हर संभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया। इस घटना पर पीएम मोदी, राजनाथ सिंह, राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं ने चिंता जाहिर की है।
घटना पर पुलिस ने क्या दी जानकारी?
करूर भगदड़ की घटना पर तमिलनाडु के प्रभारी DGP जी. वेंकटरमण ने कहा कि सभा की अनुमति दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक दी गई थी, लेकिन भीड़ सुबह 11 बजे से ही जुटनी शुरू हो गई थी। जब विजय शाम 7:40 बजे पहुंचे, तब तक भीड़ बिना पर्याप्त भोजन और पानी के घंटों इंतजार कर रही थी। यही सच्चाई है।
विजय ने खुद पुलिस की भूमिका की सराहना की, लेकिन जोर देकर कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। इस दुखद घटना के पीछे के कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा। एक सदस्यीय आयोग का गठन पहले ही किया जा चुका है। तब तक, मैं इस पर और कोई टिप्पणी नहीं कर सकता।
मैं असहनीय, अवर्णनीय पीड़ा में हूं: एक्टर विजय
इस हादसे पर अभिनेता विजय ने एक्स पर लिखा कि मेरा दिल टूट गया है; मैं असहनीय, अवर्णनीय पीड़ा और दुःख से कराह रहा हूं जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। आगे विजय ने एक्स पर लिखा कि मैं करूर में अपनी जान गंवाने वाले अपने प्रिय भाइयो और बहनों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं। मैं अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
