देश

Karnataka Updates: डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया के बीच CM पद की रेस, खरगे करेंगे सीएम पर फैसला

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 15, 2023, 02:19 PM IST

आज शिवकुमार और सिद्धारमैया दिल्ली में खरगे से मुलाकात करेंगे। अब नजरें हाईकमान पर लगी हुई हैं कि वह किससे पक्ष में फैसला सुनाता है।

Image

डीके शिवकुमार ने जन्मदिन मनाते हुए तस्वीर ट्वीट की

Karnataka Updates: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जबरदस्त जीत हासिल की है। लेकिन इसके साथ ही पार्टी में सीएम पद को लेकर भी संकट शुरू हो गया है। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार और पूर्व सीएम सिद्धारमैया दोनों ही इस पद के दावेदार हैं। इनकी दावेदारी ने कांग्रेस हाईकमान को मुश्किल में डाल दिया है। इसे लेकर अब पार्टी में मंथन शुरू हो गया है और आखिरी फैसला पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर छोड़ दिया गया है।

इस बीच आज सीएम पद के दावेदार दोनों नेता शिवकुमार और सिद्धारमैया के दिल्ली पहुंचने की खबर थी। आज शिवकुमार का जन्मदिन भी है। लेकिन उन्होंने साफ किया है कि उन्होंने दिल्ली जाने को लेकर फैसला नहीं किया है। हालांकि, सिद्धारमैया दिल्ली पहुंच रहे हैं। अब नजरें हाईकमान पर लगी हुई हैं कि वह किससे पक्ष में फैसला सुनाता है। जानिए अपडेट-

-कर्नाटक के एआईसीसी (AICC)पर्यवेक्षक सुशील कुमार शिंदे, दीपक बावरिया और भंवर जितेंद्र सिंह दिल्ली पहुंचे। तीनों पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खरगे को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।

डीके शिवकुमार ने दिया संदेश

खास बात ये है कि जन्मदिन के दिन आज 15 मई को शिवकुमार की मुलाकात खरगे से हो रही है। रविवार रात शिवकुमार ने सिद्धारमैया और पार्टी के अन्य सहयोगियों के साथ अपना जन्मदिन मनाते हुए एक तस्वीर ट्वीट की। उन्होंने लिखा- “मेरा जीवन कर्नाटक के लोगों की सेवा करने के लिए समर्पित है। मेरे जन्मदिन की पूर्व संध्या पर कर्नाटक के लोगों ने मुझे सबसे अच्छा जन्मदिन का उपहार दिया। मेरे कांग्रेस परिवार को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद”।

गेंद अब खरगे के पाले में है। दोनों शीर्ष दावेदारों के दिल्ली में सोनिया गांधी और राहुल गांधी से भी मिलने की उम्मीद है। रविवार शाम को कांग्रेस विधायक दल ने बेंगलुरु के एक निजी होटल में बैठक की थी। इसमें खरगे को कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री चुनने के लिए अधिकृत करते हुए एक लाइन का प्रस्ताव पारित किया गया। सीएलपी बैठक में एआईसीसी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और तीन केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने भाग लिया।

खरगे जल्द करेंगे सीएम के नाम की घोषणा

कर्नाटक के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बाद में कहा कि खरगे ज्यादा समय नहीं लेंगे और जल्द ही कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेंगे। रविवार देर रात शुरू हुई बैठक दोपहर 1.30 बजे तक चली। इसमें सभी 135 नवनिर्वाचित विधायक शामिल हुए। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे और पार्टी नेता जितेंद्र सिंह और दीपक बाबरिया पर्यवेक्षक के तौर पर बैठक में मौजूद थे। बैठक में सिद्धारमैया, शिवकुमार, वेणुगोपाल, जयराम रमेश और अन्य नेता भी शामिल हुए।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article