देश

कर्नाटक में बड़ा सियासी उलटफेर, मंत्री नागेंद्र ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच दूसरी बार दिया इस्तीफा

Valmiki Scam: शिवकुमार सरकार में मंत्री बी. नागेंद्र ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि वह अपनी मर्जी से इस्तीफा दे रहे हैं।

Image

शिवकुमार सरकार में मंत्री बी. नागेंद्र ने दिया इस्तीफा (फोटो साभार: @BNagendraINC)

Photo : Twitter

Valmiki Scam: कर्नाटक से बड़ी खबर सामने आ रही है। शिवकुमार सरकार में मंत्री बी. नागेंद्र ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच अपना पद छोड़ दिया। इससे पहले, शिवकुमार से जब नागेंद्र के इस्तीफे से जुड़ा सवाल पूछा गया तो उन्होंने उस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि वह खुद आकर आपसे बात करेंगे।

बी. नागेंद्र ने छोड़ा पद

कर्नाटक के मंत्री बी. नागेंद्र ने अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि वह अपनी मर्जी से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं अपनी मर्जी से इस्तीफा दे रहा हूं, ताकि विपक्ष की ओर से मेरे खिलाफ लगाए जा रहे बेवजह के आरोपों के कारण मेरी पार्टी को किसी तरह की शर्मिंदगी न उठानी पड़े।''

नागेंद्र ने आरोप लगाया, ''मनुवादियों (भाजपा की ओर इशारा करते हुए) ने मुझे निशाना बनाया, क्योंकि वे नहीं चाहते थे कि देश में कोई आदिवासी व्यक्ति तरक्की करे।'' नागेंद्र ने कहा कि वह विधायक पद से इस्तीफा देने और 'जनता की अदालत' में जाने के लिए भी तैयार हैं।

सिद्दारमैया मंत्रिमंडल से भी दे चुके हैं इस्तीफा

नागेंद्र ने वाल्मीकि निगम से बिना अनुमति के फ़ंड डायवर्जन के आरोपों के बीच जून 2024 में सिद्दारमैया मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया था। उन्हें इस साल 3 अगस्त को कैबिनेट में फिर से शामिल किया गया।

क्या है वाल्मीकि निगम मामला?

यह विवाद मई 2024 में उस वक्त सामने आया जब महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम के तत्कालीन लेखा अधीक्षक पी. चंद्रशेखरन ने आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने छह पन्नों के एक कथित सुसाइड नोट में निगम के पैसों में अनियमितताओं और बिना अनुमति धन ट्रांसफर किए जाने के आरोप लगाए थे।

बाद की जांच में सामने आया कि निगम के एक खाते से 89.63 करोड़ रुपये यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इसके बाद यह रकम कई अन्य खातों में भेजी गई। इस खुलासे के बाद मामला बड़ा राजनीतिक विवाद बन गया।

जब यह विवाद सामने आया था, उस समय नागेंद्र कर्नाटक के जनजातीय कल्याण मंत्री थे। उन्होंने जून 2024 में मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, 3 अगस्त 2026 को उन्हें दोबारा मंत्रिमंडल में शामिल किया गया और योजना एवं सांख्यिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद विपक्ष ने एक बार फिर उनके इस्तीफे की मांग तेज कर दी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article