देश

रेणुका स्वामी हत्या मामले में कन्नड़ एक्टर दर्शन की मुश्किलें बढ़ीं, बेंगलुरु पुलिस ने किया गिरफ्तार

कन्नड़ अभिनेता दर्शन को लोग चैलेंजिंग स्टार के नाम से भी जानते हैं। जानकारी के मुताबिक, मैसूर में पुलिस ने दर्शन को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पर रेणुका स्वामी की हत्या का आरोप है।

Image

हिरासत में अभिनेता दर्शन

Darshan Detained in Murder Case: बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी. दयानंद ने कहा कि हत्या के मामले में अभिनेता को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। एक अज्ञात शव मिलने के बाद 9 जून को हत्या का खुलासा हुआ। कामाक्षीपाल्या पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से मृतक की पहचान चित्रदुर्ग के लक्ष्मी वेंकटेश्वर लेआउट में रहने वाले रेनुकास्वामी के रूप में की गई। पुलिस आयुक्त ने बताया कि इसके बाद आगे की जांच के आधार पर अभिनेता को हिरासत में लिया गया है।

रेनुकास्वामी ने अपमानजनक बातें कही थी

उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है और फिलहाल ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती। हत्या के उद्देश्य के बारे में पूछे जाने पर पुलिस आयुक्त ने बताया कि रेनुकास्वामी ने कुछ अपमानजनक बात कही थी और दर्शन की पत्नी को मैसेज भेजा था। यह पूछे जाने पर कि क्या दर्शन को गिरफ्तार किया गया है, पुलिस आयुक्त ने कहा कि उन्हें हिरासत में लिया गया है और आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हत्या कर नहरे में फेंका शव

पुलिस सूत्रों ने बताया कि दर्शन को आगे की पूछताछ के लिए बेंगलुरु लाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दर्शन की दूसरी पत्नी जब भी अभिनेता के साथ अपनी कोई तस्वीर पोस्ट करती थी, रेनुकास्वामी उस पर तंज कसते हुए अपमानजनक टिप्पणी करता था। गुस्से में आकर दर्शन ने चित्रदुर्ग से रेनुकास्वामी को बेंगलुरु बुलवाया और विनय नामक एक व्यक्ति के शेड में रखकर प्रताड़ित किया। बाद में उसकी हत्या करके शव को बेंगलुरु के सुमनहल्ली के पास एक अपार्टमेंट के सामने व्रुशाभवथी नहर में फेंक दिया गया।

अपार्टमेंट के सुरक्षाकर्मियों ने रविवार को देखा कि कुत्ते नहर से एक शव को खींच रहे हैं। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। कामाक्षीपाल्या पुलिस ने मृतक की पहचान स्थापित करने के बाद उसके माता-पिता को इसकी जानकारी दी। जांच के दौरान हत्या में दर्शन की संलिप्तता के बारे में पता चला। प्राथमिक जांच में पता चला कि दर्शन ने चित्रदुर्ग फैन एसोसिएशन के अध्यक्ष को फोन कर रेनुकास्वामी का पता लगाने और उसे बेंगलुरु लाने के लिए कहा।

दर्शन की पहली और दूसरी पत्नी के बीच झगड़ा

पुलिस को शक है कि दर्शन ने रेनुकास्वामी के साथ मारपीट भी की थी। पुलिस के अनुसार, सिर पर किसी हथियार से वार करने के कारण मौत की बात सामने आ रही है। हाल ही में दर्शन की पहली और दूसरी पत्नी के बीच सोशल मीडिया पर जमकर घमासान हुआ था। पहली पत्नी ने दूसरी पर परिवार को तोड़ने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरी पत्नी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह और दर्शन अब एक परिवार हैं। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर खूब बहस हो रही है, और अब अंततः एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी है। दर्शन पहले भी अपनी पहली पत्नी को पीटने के आरोप में जेल जा चुके हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article