देश

'जैसी करनी वैसी भरनी', पंजाब-मध्य प्रदेश कांग्रेस की फूट पर सिंधिया का तीखा तंज, बोले-मैं उस रेस का घोड़ा...

Shivpuri Ordnance Factory Foundation: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह पर तीखा तंज कसते हुए कहा है कि "जैसी करनी, वैसी भरनी"। अपने ग्वालियर-चंबल दौरे के दौरान सिंधिया ने शिवपुरी में बनने वाली नई ऑर्डनेंस फैक्ट्री को राज्य के लिए ऐतिहासिक सौगात बताया।

Image

सिंधिया का कांग्रेस पर बड़ा हमला

Photo : ANI

Shivpuri Ordnance Factory Foundation: मध्य प्रदेश और पंजाब समेत कई राज्यों में कांग्रेस के भीतर चल रहे अंदरूनी घमासान को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने विपक्ष पर करारा हमला बोला है। ग्वालियर-चंबल संभाग के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए सिंधिया ने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर सीधा तंज कसा और कहा, "जैसी करनी, वैसी भरनी।"

उनका यह बयान पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की नाराजगी और मध्य प्रदेश कांग्रेस में जारी खींचतान के संदर्भ में आया है। हालांकि, उन्होंने किसी भी पार्टी के आंतरिक मामलों पर सीधे टिप्पणी करने से बचते हुए सिर्फ इतना कहा कि जो जैसा बोएगा, वो वैसा ही काटेगा। इस दौरान सिंधिया का पूरा ध्यान क्षेत्र के विकास कार्यों पर केंद्रित रहा। उन्होंने शिवपुरी में बनने जा रही नई ऑर्डनेंस (आयुध) फैक्ट्री के शिलान्यास कार्यक्रम को मध्य प्रदेश के लिए एक नए युग की शुरुआत बताया।

देश के रक्षा विनिर्माण के नक्शे पर मिलेगी एक बड़ी पहचान-सिंधिया

मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर सिंधिया ने कहा कि यह फैक्ट्री न केवल स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के हजारों नए अवसर पैदा करेगी, बल्कि मध्य प्रदेश को देश के रक्षा विनिर्माण के नक्शे पर एक बड़ी पहचान भी दिलाएगी। आगामी दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी केंद्रीय मंत्री ने भाजपा की जीत का मजबूत दावा किया। उन्होंने दतिया की जनता से अपील की कि वे राज्य में चल रही विकास की रफ्तार को थमने न दें।

'मैं दाएं-बाएं देखने वालों में से नहीं हूं'

उन्होंने याद दिलाया कि कैसे उन्होंने पहले भी दतिया के लिए एयरपोर्ट और कई ट्रेनों की सौगात सुनिश्चित की थी। खुद की कार्यशैली पर बात करते हुए सिंधिया ने एक बेहद दिलचस्प उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, "मैं दाएं-बाएं देखने वालों में से नहीं हूं। मैं उस रेस के घोड़े की तरह हूं जिसके आंखों पर पट्टियां बंधी होती हैं। मेरी नजरें सिर्फ और सिर्फ 'विकास और प्रगति' के फिनिशिंग पॉइंट पर टिकी हैं।" उन्होंने साफ किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक भाजपा कार्यकर्ता के रूप में उनका एकमात्र लक्ष्य राष्ट्र निर्माण है, बाकी पार्टियां अपना मामला खुद संभालें।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article