देश

'SIR के बाद मतदाता सूची से मेरा नाम कटा', एक्टर प्रकाश राज का दावा, बोले-'बढ़िया मजाक है'

बेंगलुरु कर्नाटक में चल रहे मतदाता सूची के SIR को लेकर सबसे बड़ी चिंता का केंद्र बनकर उभरा है। घर-घर जाकर किए जा रहे सत्यापन के दौरान शहर के करीब आधे मतदाताओं को ASDDO (अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट, मृत और अन्य) श्रेणी में रखा गया है।

Image

अभिनेता प्रकाश राज।

Photo : PTI

Actor Prakash Raj: अभिनेता प्रकाश राज ने मतदाता सूची से अपना नाम कटने का दावा किया है। अभिनेता का कहना है कि बेंगलुरु निर्वाचन क्षेत्र से जिन 65 लाख वोटरों का नाम वोटर लिस्ट से कटा है, उसमें उनका भी नाम शामिल है। प्रकाश राज का दावा है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान उनके मताधिकार के अधिकार को समाप्त किया गया है। वोटर लिस्ट से नाम हटने की जानकारी अभिनेता ने अपने X अकाउंट पर दी है। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा है कि 'यह बढ़िया मजाक है।'

आधे मतदाताओं को ASDDO श्रेणी में रखा

बेंगलुरु कर्नाटक में चल रहे मतदाता सूची के SIR को लेकर सबसे बड़ी चिंता का केंद्र बनकर उभरा है। घर-घर जाकर किए जा रहे सत्यापन के दौरान शहर के करीब आधे मतदाताओं को ASDDO (अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट, मृत और अन्य) श्रेणी में रखा गया है। 61 वर्षीय अभिनेता प्रकाश राज ने इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा, 'प्रिय दोस्तों, साथियों, मैं उन 65 लाख मतदाताओं में से एक हूं, जिनका SIR के बाद बेंगलुरु निर्वाचन क्षेत्र से वोटिंग अधिकार हटा दिया गया है। अच्छा मजाक है, है ना?'

खैर, मजाक अच्छा है-प्रकाश राज

उन्होंने आगे कहा, 'मेरा जन्म इसी निर्वाचन क्षेत्र में हुआ, मैं यहीं रहा, मेरी स्कूली शिक्षा, कॉलेज और थिएटर यहीं हुए और आपकी जानकारी के लिए, मैं इसी निर्वाचन क्षेत्र से सांसद पद का उम्मीदवार भी रह चुका हूं। खैर, मजाक अच्छा है। गेम ऑन।' 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रकाश राज ने बेंगलुरु सेंट्रल सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। पिछले महीने बेंगलुरु की एक अदालत द्वारा उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए जाने के बाद प्रकाश राज को एक मामले में सशर्त जमानत मिली थी। इस मामले में उन पर कथित तौर पर कई वोटर आईडी कार्ड रखने का आरोप लगाया गया था।

अभिनेता के पास चार वोटर आईडी कार्ड होने के आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि अभिनेता के पास चार वोटर आईडी कार्ड थे—एक-एक कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के। यह चुनाव आयोग के उस नियम के विपरीत है, जिसके तहत एक व्यक्ति के पास केवल एक वोटर आईडी हो सकती है। प्रकाश राज ने कहा, 'अब देखते हैं कि अपना वोटर आईडी वापस पाने के लिए मुझे क्या प्रक्रिया अपनानी होगी, कौन-कौन से कागज दिखाने पड़ेंगे।' माना जा रहा है कि उनका यह बयान 2019 में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और NRC के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के संदर्भ में था।

19.81 प्रतिशत मतदाता ASDDO श्रेणी में

प्रकाश राज ने अपने वीडियो के अंत में कहा, 'गेम ऑन। लेकिन एक छोटी-सी बात, मेरे दोस्त-आप अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करके कुछ ऐसे नागरिकों को वोट देने के अधिकार से वंचित कर सकते हैं, जो शायद आपको वोट न दें। लेकिन क्या आप हमें रोक सकते हैं? हमारी ताकत से हम आपको नीचे लाएंगे। बस पूछ रहा हूं। बाय।' अंतिम मतदाता सूची 27 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में कुल 5,54,32,314 मतदाताओं में से 1,09,83,901 यानी 19.81 प्रतिशत मतदाता ASDDO श्रेणी में पाए गए हैं।

बेंगलुरु अर्बन में ASDDO मामलों की सबसे अधिक संख्या

ASDDO मामलों की सबसे अधिक संख्या बेंगलुरु अर्बन में दर्ज हुई है। SIR से पहले यहां कुल 40,21,039 मतदाता थे, जिनमें से 17,74,626 यानी 44.13 प्रतिशत को ASDDO श्रेणी में रखा गया है। वहीं, बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) साउथ में 10,87,829 ASDDO मामले सामने आए हैं। यह क्षेत्र के कुल 21,44,784 मतदाताओं का 50.72 प्रतिशत है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article