देश

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 81 साल की उम्र में निधन, हेमंत सोरेन बोले- आज मैं शून्य हो गया हूं

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) नेता वेंटिलेटर पर थे और उनकी हालत गंभीर थी। पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें जून के आखिरी हफ्ते में किडनी संबंधी समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Image

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन

Shibu Soren Passes Away: झारखंड मुक्ति मोर्चा सुप्रीमो व झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 81 वर्ष की आयु में दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में निधन हो गया, जहां वे लंबी बीमारी का इलाज करा रहे थे। उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन फिलहाल दिल्ली में हैं। हेमंत सोरेन ने एक्स पर पोस्ट करके यह जानकारी दी है। शिबू सोरेन पिछले कुछ समय से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे और वेंटिलेटर पर थे। शिबू सोरेन के निधन पर झारखंड में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।

कई दिनों से वेंटिलेटर पर थे

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) नेता वेंटिलेटर पर थे और उनकी हालत गंभीर थी। पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें जून के आखिरी हफ्ते में किडनी संबंधी समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शिबू सोरेन लंबे समय से अस्पताल में नियमित उपचार ले रहे थे।

सर गंगा राम अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. ए. के. भल्ला के अनुसार, शिबू सोरेन को सुबह 8.56 बजे मृत घोषित कर दिया गया। आदिवासी नेता का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। डॉक्टर ने कहा, वह गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थे और डेढ़ महीने पहले उन्हें स्ट्रोक हुआ था। पिछले एक महीने से वह जीवन रक्षक प्रणाली पर थे।

24 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था

हेमंत सोरेन ने 24 जून को अपने पिता के दिल्ली स्थित अस्पताल में भर्ती होने पर कहा था, उन्हें हाल ही में यहां भर्ती कराया गया था, इसलिए हम उन्हें देखने आए थे। उनकी स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की जा रही है। पिछले हफ्ते हेमंत सोरेन ने कहा था कि शिबू सोरेन ने कई लड़ाइयां लड़ी हैं और वह अपनी स्वास्थ्य लड़ाई भी जीतेंगे।

शिबू सोरेन पिछले 38 वर्षों से झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता थे और उन्हें पार्टी के संस्थापक संरक्षक के रूप में मान्यता प्राप्त थी। चार दशक के राजनीतिक करियर में, सोरेन आठ बार लोकसभा के लिए चुने गए और दो बार राज्यसभा सांसद रहे।

पीएम मोदी, राजनाथ सिंह सहित कई बड़े नेताओं ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा- श्री शिबू सोरेन जी एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में ऊंचाइयों को छुआ। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। उनके निधन से दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ॐ शांति।

वहीं राजनाथ ने कहा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक, श्री शिबू सोरेन जी झारखंड के उन क़द्दावर नेताओं में गिने जाते थे जिन्होंने समाज के कमजोर वर्गों विशेषरूप से जनजातीय समाज के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के लिए आजीवन संघर्ष किया।

शिबू सोरेन का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है : राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सोरेन ने आदिवासी पहचान और झारखंड राज्य के गठन के लिए संघर्ष किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, शिबू सोरेन जी का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। उन्होंने आदिवासी पहचान और झारखंड राज्य के गठन के लिए संघर्ष किया। राष्ट्रपति ने कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने के अलावा सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में भी योगदान दिया। उन्होंने कहा, लोगों, विशेषकर आदिवासी समुदायों के कल्याण के लिए उनके काम को हमेशा याद रखा जाएगा। मैं उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी, परिवार के अन्य सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।

योगी आदित्यनाथ ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक जताया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! उन्होंने कहा, जनजातीय समाज के उन्नयन में उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article