देश

ड्रग्स केस में कांग्रेस नेता जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी से पुलिस की पूछताछ, देर रात हिदायत देकर छोड़ा

इंदौर में ड्रग्स मामले की जांच के दौरान कांग्रेस नेता जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। एक आरोपी के बयान में नाम सामने आने के बाद उनसे पूछताछ की गई और देर रात हिदायत देकर छोड़ दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर प्रदेश में राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया।

Image

कांग्रेस नेता जीतू पटवारी और उनके भाई नाना पटवारी की फाइल फोटो।

Photo : Twitter

मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस ने ड्रग्स मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। हालांकि, देर रात लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, ड्रग्स केस में गिरफ्तार एक आरोपी से पूछताछ के दौरान नाना पटवारी का नाम सामने आया था। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। हालांकि, पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। बता दें कि गुरुवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया और लगभग 11 ग्राम भूरी चीनी जब्त की।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नरेंद्र रावत ने पत्रकारों को बताया, "राजेंद्र नगर पुलिस ने एक मुखबिर से मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर इरफान खान उर्फ गोलू चंदेरी और संजय कौशल उर्फ रॉनी भाई को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 10.8 ग्राम भूरी चीनी और एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) बरामद की गई है।" उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों की बरामदगी के संबंध में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

डीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि वे भूरी चीनी की खेप नाना पटवारी उर्फ कुलभूषण पटवारी और मानव गंगवानी नामक दो व्यक्तियों को पहुंचाने जा रहे थे। उन्होंने कहा, "नाना और गंगवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। गिरफ्तार आरोपियों से उनके संबंधों और अन्य सुरागों के बारे में प्रारंभिक सबूत जुटाने के बाद, उन्हें रिहा कर उनके वकील को सौंप दिया गया।" मामले में नाना पटवारी की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि विजय नगर पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक पुराना मामला दर्ज था।" उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर नाना पटवारी और गंगवानी को आगे की पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाना पटवारी के खिलाफ पहले से भी कई संगीन मामले दर्ज हैं।

भाई पर लगे आरोपों पर क्या बोले जीतू पटवारी?

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। वहीं, इस कार्रवाई को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई। कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि उनके भाई के खिलाफ की गई कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है। उन्होंने इसे सरकार की "बदले की राजनीति" करार दिया। दिनभर इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा।
Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!