देश

Karnataka Election: जितनी आबादी, उतना हक- कर्नाटक में कांग्रेस ने अब जातिगत जनगणना को बनाया मुद्दा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 17, 2023, 05:16 PM IST

Karnataka Election: कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पूरी ताकत झोंके हुए हैं। खुद राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे चुनाव की कमान संभाले हुए हैं। राहुल खुद दो दिनों से कर्नाटक में हैं और लगातार रैलियां कर रहे हैं। यहां कांग्रेस को उम्मीद है कि वो इस बार सत्ता में वापसी करेगी।

Image

कर्नाटक में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी

Photo : Twitter

Karnataka Election: कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस ने एक बड़ी चाल चल दी है। कर्नाटक में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खुद राहुल गांधी ने जाति आधारित जनगणना का मुद्दा उठा दिया। राहुल गांधी ने इस दौरान जितनी आबादी उतना हक का नारा भी दे दिया। इसके बाद से कांग्रेस इस मुद्दे पर लगातार मोदी सरकार को घेर रही है।

क्या कहा राहुल गांधी ने

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि वे 2011 की जाति जनगणना के आंकड़े जारी करें। राहुल गांधी ने कहा- "मोदी सरकार में सिर्फ 7% सचिव OBC, दलित समुदाय, आदिवासी समुदाय से आते हैं। इसलिए आप UPA सरकार में हुई जाति जनगणना के आंकड़े सार्वजनिक करिए। अगर आप ये काम नहीं करते हैं तो ये OBC का अपमान है?"

खड़गे ने लिखा खत

राहुल गांधी के द्वारा इस मुद्दे को उठाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को इस मामले पर खत लिख दिया। खड़गे ने पीएम मोदी से आग्रह किया है कि देश में हर10 साल पर होने वाली जनगणना को कराया जाए और व्यापक जाति आधारित जनगणना को इसका अभिन्न हिस्सा बनाया जाए। खड़गे ने इस पत्र में प्रधानमंत्री से कहा- "मैं एक बार फिर जाति आधारित नवीनतम जनगणना कराने का आग्रह करता हूं। मेरे सहयोगी और मैंने संसद के दोनों सदनों में कई बार यह मांग उठाई है। अन्य विपक्षी दलों ने भी इस मांग को रखा है।"

जयराम रमेश का ट्वीट

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश भी इस मामले पर ट्वीट कर राहुल की बात को दोहराया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- "जितनी आबादी, उतना हक़! कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे जी ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि 2021 की जनगणना जल्द से जल्द कराई जाए। साथ ही जाति जनगणना को इसका अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए। इससे सामाजिक न्याय और सशक्तीकरण को मजबूती मिलेगी।"

कर्नाटक में महत्वपूर्ण क्यों

कर्नाटक में कांग्रेस ने जाति आधारित जनगणना की मांग कर बीजेपी को बैकफुट पर करने की कोशिश कर रही है। आरक्षण को लेकर कर्नाटक में पहले से ही विवाद है। राज्य में ओबीसी की संख्या भी अच्छी खासी है। दलितों की संख्या भी अच्छी खासी है। कांग्रेस इन वोटरों को अपने पक्ष में करने की लगातार कोशिश करती रही है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article