Sita Soren resigned from JMM: लोकसभा चुनाव से पहले झारखंड में बड़ा सियासी उलटफेर हुआ है। हेमंत सोरेन की भाभी व JMM विधायक सीता सोरेन ने पार्टी विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गईं। उन्होंने इस संबंध में एक चिट्ठी भी लिखी है और इसे पार्टी अध्यक्ष और अपने ससुर शिबू सोरने को भेजा है। सीता सोरेन ने कहा है कि मेरे और मेरे परिवार के खिलाफ गहरी साजिश रची जा रही है।
सीता सोरेन ने कहा, शिबू सोरेन (गुरूजी) ने हम सभी को एकजुट रखने का बहुत प्रयास किया। अफसोस है कि उनके अथक प्रयासों के बावजूद विफल रहे। उन्होंने आगे लिखा, मुझे हाल ही में ज्ञात हुआ कि मेरे और मेरे परिवार के खिलाफ गहरी साजिश रची जा रही है। मैं अत्यंत दुखी हूं और मैंने यह निश्चय किया है कि मुझे झारखंड मुक्ति मोर्चा और इस परिवार को छोड़ना होगा। मैं अपनी प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं।
पार्टी व परिवार ने हमें अलग-थलग किया
सीता सोरेन ने कहा, मेरे स्वर्गीय पति दुर्गा सोरेन झारखंड आंदोलन के अग्रणी योद्धा व महान क्रांतिकारी थे। उनके निधन के बाद से ही मैं और मेरा परिवार लगातार उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। पार्टी व परिवार के सदस्यों ने हमें अलग-थलग कर दिया है, जो मेरे लिए बहुत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा, मैंने उम्मीद की थी कि समय के साथ स्थितियां सुधरेंगी, लेकिन दुर्भाग्यवश ऐसा नहीं हुआ।
सीएम पद के लिए कल्पना सोरेन का किया था विरोध
बता दें, प्रवर्तन निदेशालय ने 31 जनवरी को भूमि घोटाले से जुड़े मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद सीएम पद की रेस में हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन का नाम सबसे आगे चल रहा था। हालांकि, सीता सोरेन ने इसका विरोध किया, जिसके बाद चंपई सोरेन का नाम आगे बढ़ाया गया। झारखंड की राजनीति में हुए इस उठापटक के बाद एक बार फिर सोरेन परिवार चर्चा में आ गया है।
