Jammu And Kashmir News: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रविवार को आतंकी नेटवर्क के खिलाफ चल रहे अभियान को और विस्तार देते हुए जम्मू संभाग के कई जिलों तक ऑपरेशन फैलाया। पुलिस का फोकस उन स्थानीय आतंकियों पर है जो पाकिस्तान से संचालित हो रहे हैं और उनके ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGWs) पर भी नजर रखी जा रही है। समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक रामबन, कठुआ और राजौरी जिलों में दर्जनों लोकेशनों पर एक साथ बड़े पैमाने पर सर्च और कॉर्डन ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इससे पहले शनिवार को डोडा जिले में भी कई संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
खुफिया रिपोर्ट्स पर हो रही कार्रवाई
इंटेलिजेंस रिपोर्ट्स के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सक्रिय आतंकी सर्दियों के लिए मैदानी इलाकों में सुरक्षित ठिकाने तलाश रहे हैं, जिसके बाद यह कार्रवाई तेज कर दी गई है। रामबन जिले में बनिहाल और गूल इलाको में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह ऑपरेशन SSP रामबन अरुण गुप्ता की निगरानी में चलाया जा रहा है। अभियान का मकसद पाकिस्तान से ऑपरेट कर रहे JK-निवासियों के रिश्तेदारों और करीबियों की गतिविधियों पर नजर रखना और संदिग्धों की बैकग्राउंड वेरिफिकेशन करना है।
संवेदनशील इलाकों में चलाए गए अभियान
पुलिस ने बताया कि खोजी टीमों ने कई घरों की तलाशी ली गई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई एंटी-नेशनल गतिविधि तो नहीं चल रही या उसे समर्थन तो नहीं मिल रहा। इन ऑपरेशनों में पुलिस, आर्मी, CRPF, SOG यूनिट्स और मजिस्ट्रेट्स की संयुक्त टीमें शामिल हैं। पुलिस ने यह भी कहा कि यह पूरा अभियान व्यवस्थित और शांत ढंग से किया गया ताकि आम जनता को किसी तरह की असुविधा न हो।
सुरक्षा ग्रिड को मजबूत करने की कोशिश
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि ये ऑपरेशंस इंटेलिजेंस बेस्ड प्रीवेंटिव मेजर्स का हिस्सा हैं ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग करें और अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों या व्यक्तियों के बारे में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। बता दें, कि इसी तरह के तलाशी अभियान कठुआ और राजौरी जिलों में भी जारी हैं।
