आजादी के 75 साल हो चुके हैं, शहरों से लेकर लगभग सभी गांवों तक में बिजली की सुविधा मौजूद है, लेकिन आज भी कुछ इलाके ऐसे हैं जो मूलभूत सुविधाओं से वंचित है, ऐसा ही एक गांव जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में है, जहां आजादी के बाद पहली बार बिजली पहुंची है।
पीएम ने दिया था विकास पैकेज
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के डोरू ब्लॉक के टेथन में पहली बार बिजली जब पहुंची तो लोग खुशी से झूम उठे। केंद्र प्रायोजित पीएम विकास पैकेज योजना के तहत इस गांव में बिजली पहुंची है। यहां 200 लोग रहते हैं। अभी तक ये लोग उर्जा के लिए लकड़ी पर निर्भर रहते थे।
खुशी से झूम उठे
अपनी दैनिक जरूरतों के बीच जीवनयापन के लिए मोमबत्ती की रोशनी और दीयों का इस्तेमाल करते थे, लेकिन अब बिजली मिलने से इनके जीवन में भी रोशनी आ गई है। जैसे ही बिजली गांव में पहुंची लोग नाचने और झूमने लगे। खुशी उनके चेहरे पर देखी जा सकती है।
बिजली विभाग की कड़ी मेहनत
अनंतनाग शहर से लगभग 45 किमी दूर स्थित इस इलाके में बिजली पहुंचाने के लिए कर्मचारियों को काफी मेहनत करनी पड़ी है। यहां बिजली के खंभे लगाना बहुत ही कठिन कार्य था। जिसे बिजली विभाग ने अब पूरा कर दिखाया है। इसके लिए कुछ पेड़ों की कटाई और छटाई भी की गई है।
बिजली विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, गांव में बिजली फास्ट-ट्रैक प्रक्रिया के जरिए लाई गई है। इस गांव में एक ट्रांसफार्मर, 38 हाई टेंशन लाइन और 57 एलटी पोल (कुल 95 पोल) लगाए गए हैं। जिससे 60 घरों को बिजली मिलती है।
