देश

जम्मू-कश्मीर- राजौरी में आतंकियों के बड़े भूमिगत ठिकाने का भंडाफोड़, गोला-बारूद, हथियार बरामद

अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका क्योंकि तलाशी अभियान शुरू होने से पहले ही ठिकाने का इस्तेमाल कर रहे आतंकवादी भागने में सफल रहे।

Image

जम्मू - कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ अभियान

Photo : PTI

Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सुरक्षाबलों ने मंगलवार को आतंकवादियों के एक बड़े भूमिगत ठिकाने का भंडाफोड़ कर भारी मात्रा में दैनिक उपयोग की वस्तुएं और कुछ गोला-बारूद भी बरामद किया। अधिकारियों के मुताबिक सीमावर्ती जिले के दरहाल क्षेत्र के सागरवत जंगल में पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संयुक्त दल द्वारा घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान इस छिपे हुए ठिकाने का पता चला। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि छिपाने के लिए भूमिगत ठिकाने को मिट्टी से ढक दिया गया था।

भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक आतंकवादियों के इस ठिकाने की तलाशी में चार रसोई गैस सिलेंडर, एके राइफल की छह खाली मैगजीन, पिस्तौल की 13 गोलियों वाली एक मैगजीन, 19 राउंड वाली इंसास राइफल की एक मैगजीन, एक संचार सेट, प्लेट के साथ एक सौर लाइट, एक जोड़ी दस्ताने और गेहूं का आटा बरामद हुआ। प्रवक्ता ने बताया कि ठिकाने से जब्त की गई अन्य वस्तुओं में सूखे मेवे, पांच और दो लीटर क्षमता वाले कुकर, 30 पेंसिल सेल, दो कंबल, तीन बैग, 40 लीटर पानी के डिब्बे, तीन पॉवर बैंक, एक डाटा केबल, एक एडॉप्टर, कुछ जोड़ी जूते, एक वायर कटर, एक पेचकस, एक टिफिन, एक बॉडी वार्मर सेट, छह हैंड ग्रिप, दो टॉर्च, वॉशिंग पाउडर का एक पैकेट, कुछ दूध पाउडर के पैकेट और अन्य खाद्य सामग्री शामिल हैं।

भागने में कामयाब रहे आतंकवादी

अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका क्योंकि तलाशी अभियान शुरू होने से पहले ही ठिकाने का इस्तेमाल कर रहे आतंकवादी भागने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान उधमपुर जिले के बसंतगढ़ के बलोथा इलाके में भी एक गुफानुमा ठिकाने का भंडाफोड़ किया। अधिकारियों ने बताया इस लावारिस ठिकाने से कुछ खाद्य सामग्री बरामद की गई है। सोमवार को बसंतगढ़ में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया था, जब आतंकवादियों ने सीआरपीएफ और पुलिस के संयुक्त गश्ती दल पर गोलीबारी की थी, जिसमें अर्धसैनिक बल का निरीक्षक रैंक का एक अधिकारी शहीद हो गया था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article