देश

यह मोदी का नया भारत है- राहुल गांधी के चीन वाले बयान पर BJP का पलटवार, नेहरू की दिलाई याद

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 16, 2022, 11:48 PM IST

राहुल गांधी ने शुक्रवार को जयपुर में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दावा किया था कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है और भारत की सरकार सो रही है। वो इस मुद्दे को इग्नोर कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि वो दो-तीन सालों से इस मुद्दे को उठा रहे हैं, लेकिन सरकार इग्नोर कर रही है।

राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के चीन (China) वाले बयान पर अब बीजेपी ने बड़ा पलटवार किया है। बीजेपी (BJP) ने कहा कि ये मोदी का नया भारत है, जवाहर लाल नेहरू का 1962 वाला भारत नहीं है। अगर कोई भारत के खिलाफ आंख उठाता है तो उसे करारा जवाब मिलता है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया था कि चीन, भारत के साथ युद्ध की तैयारी कर रहा है और भारत सरकार सो रही है। इसी पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने शुक्रवार को उन पर सेना का मनोबल गिराने का आरोप लगाया और उनके परनाना पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर कटाक्ष किया।

भाजपा प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा- "अपनी यात्रा के दौरान, राहुल गांधी ने देश में भ्रम फैलाने और भारतीय सैनिकों को हतोत्साहित करने के लिए भारतीय सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों के बारे में टिप्पणी की है। यह उनके परनाना, नेहरू का भारत नहीं है, जो चीन से 37,242 वर्ग किमी जमीन हार गए थे।"

उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से सीमा के बुनियादी ढांचे पर खर्च में तीन गुना वृद्धि हुई है। देश अब अपनी सीमाओं और क्षेत्र की मजबूती से रक्षा कर रहा है।

आगे राठौर ने कहा कि 2008 से 2013 के बीच जब कांग्रेस की सरकार थी तब चीनी सेना ने 600 बार घुसपैठ की थी। तब वे अभ्यस्त हो गए थे कि वे अंदर आ सकते हैं और उन्हें वहां भारतीय सेना नहीं मिलेगी। यदि सेना होती भी तो उन्हें चीनी सेना के खिलाफ लड़ने के लिए केंद्र से कोई स्पष्ट निर्देश नहीं होता। कांग्रेस ने ऐसा भारत बनाने की साजिश रची जो किसी के खिलाफ खड़ा नहीं हो सकता था। लेकिन अब ऐसी बात नहीं है, ये मोदी का नया भारत है, जहां दुश्मन को करारा जवाब मिलता है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article