देश

Operation Mahadev: 'यह सच है 3 पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया गया है...' सेना को बधाई दे बोले LG मनोज सिन्हा

जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना के ऑपरेशन महादेव के दौरान भीषण गोलीबारी में तीन आतंकवादी ढेर हुए हैं, जम्मू-कश्मीर एलजी मनोज सिन्हा ने सेना, पुलिस और इस ऑपरेशन में शामिल सभी लोगों को बधाई दी।

Image

'ऑपरेशन महादेव' पर बोले एलजी मनोज सिन्हा (फोटो:istock & PTI)

Operation Mahadev: जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना को 'ऑपरेशन महादेव' में बड़ी कामयाबी मिली है। सेना के इस ऑपरेशन के दौरान भीषण गोलीबारी में तीन आतंकवादी ढेर हुए हैं। तीनों आतंकवादी पाकिस्तानी मूल के हैं और स्पेशल यूनिट ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया है, पूरे इलाके को खाली करवाकर तलाशी अभियान चलाया गया था।

'ऑपरेशन महादेव' (Operation Mahadev) पर जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने कहा, 'यह सच है कि तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया गया है। पुलिस प्रशासन इसकी पूरी जानकारी देगा... मैं सेना, पुलिस और इस ऑपरेशन में शामिल सभी लोगों को बधाई देता हूं।'

गौरतलब है कि सेना को इसी महीने डाचीगाम इलाके में एक संदिग्ध आतंकी कम्युनिकेशन डिवाइस मिला था। आशंका जताई गई थी कि इसका संबंध हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले से हो सकता है। इस इनपुट के बाद सेना ने इलाके में कई टुकड़ियों को तैनात किया और सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

संयुक्त टीम ने तीन आतंकियों के एक ग्रुप को घेर लिया

लगातार निगरानी और तलाशी के बाद सोमवार यानी 28 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे 24 RR और 4 पैरा की एक संयुक्त टीम ने तीन आतंकियों के एक ग्रुप को घेर लिया।

सेना ने आतंकी ठिकाने को पूरी तरह नेस्तनाबूत कर दिया

इस दौरान सेना ने आतंकी ठिकाने को पूरी तरह नेस्तनाबूत कर दिया और सभी आतंकियों का सफाया कर दिया। आतंकियों ने झाड़ियों में अपना ठिकाना बनाया था। मौके से बड़ी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं।

हरवान के मुलनार इलाके में आतंकवाद विरोधी अभियान

पहलगाम हमले के दोषियों का पता लगाने के लिए सुरक्षा बलों ने एक व्यापक अभियान शुरू किया है। पिछले महीने मिली खुफिया सूचनाओं से पता चला था कि आतंकवादी दाचीगाम इलाके की ओर बढ़ सकते हैं, जो श्रीनगर शहर के केंद्र से लगभग 20 किलोमीटर दूर है। सुरक्षा बलों ने एक खुफिया सूचना के आधार पर सोमवार सुबह हरवान के मुलनार इलाके में आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया। जब सुरक्षा बल इलाके की तलाशी ले रहे थे, तब दूर से दो राउंड गोलियों की आवाजें सुनाई दीं। इलाके में अतिरिक्त बल भेजा गया और तलाशी अभियान तेज कर दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप तीन आतंकवादी मारे गए।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article