देश

इजराइल दूतावास मामला: पुलिस ने खंगाले CCTV फुटेज, दिखे दो संदिग्ध, केमिकल धमाके की आशंका

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 27, 2023, 11:59 AM IST

घटनास्थल का दौरा करने वाले सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि चूंकि घटनास्थल पर विस्फोटक का कोई अवशेष नहीं मिला, इसलिए रासायनिक विस्फोट की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

Image

इजराइल दूतावास के पास धमाका

Photo : PTI

Israel Embassy Blast Case: दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित इजराइल के दूतावास के पास मंगलवार शाम को हुए विस्फोट मामले में सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि विस्फोट से कुछ देर पहले दो युवकों को घटनास्थल के करीब सड़क पर चलते हुए देखा जा सकता है। एक अधिकारी ने कहा कि इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कड़ी करते हुए राष्ट्रीय राजधानी में गश्त बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियों ने अब्दुल कलाम रोड और पृथ्वीराज रोड पर कई सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली हैं।

रासायनिक विस्फोट की संभावना से इनकार नहीं

घटनास्थल का दौरा करने वाले सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि चूंकि घटनास्थल पर विस्फोटक का कोई अवशेष नहीं मिला, इसलिए रासायनिक विस्फोट की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से इजराइली राजदूत को अभद्र भाषा में लिखा गया एक पत्र बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि फिंगर प्रिंट की पहचान के लिए पत्र को फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है।

घटनास्थल के एक पत्र बरामद

एक पुलिस सूत्र ने कहा, यह अंग्रेजी भाषा में लिखा गया एक पेज का पत्र है। इसके तार किसी ‘सर अल्लाह रेजिस्टेंस’ नामक संगठन से जुड़े होने की आशंका है। पत्र में यहूदी, फलस्तीन और गाजा जैसे शब्द लिखे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष को शाम पांच बजकर 53 मिनट पर दूतावास के पीछे जिंदल हाउस की ओर एक तेज आवाज सुने जाने के बारे में सूचना देने वाली कॉल आयी थी जिसके बाद अपराध शाखा, बम निरोधक दस्ते, श्वान दल और फॉरेंसिक विभाग के दलों को घटनास्थल पर भेजा गया।

तीन घंटे तक इलाके में तलाशी अभियान

उन्होंने बताया कि करीब तीन घंटे तक इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। एनआईए की एक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है। विस्फोट और पत्र बरामद होना दूतावास के समीप 2021 में हुए विस्फोट की याद दिलाता है जिसमें कुछ कारें क्षतिग्रस्त हुई थीं। एनआईए ने उस मामले की जांच की थी। सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि इजराइल और हमास के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से इजराइली दूतावास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। (PTI Bhasha)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article