देश

2024 से पहले 'लर्नर मोड' में राहुल गांधी? बोले- 'भारत जोड़ो यात्रा' में जो सीखा-समझा वो...

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 5, 2022, 08:01 AM IST

पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच मतभेदों को खत्म करने के एक समन्वित प्रयास के बीच रविवार शाम को यात्रा कांग्रेस शासित राजस्थान में प्रवेश कर गई।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी।

Photo : IANS

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा से बहुत सीखने को मिल रहा है। जो चीजें उन्होंने जमीन पर रहकर देखी-सीखी और समझीं वह वे हवाई जहाज, हेलीकॉप्टर और गाड़ियों में ट्रैवल कर के नहीं देख पाते।

रविवार (चार दिसंबर, 2022) को उन्होंने कहा, ‘‘यात्रा से सीखने को बहुत मिल रहा है...गाड़ी में, हवाई जहाज में, हेलीकॉप्टर में ये बातें समझ में नहीं आती...हेलीकॉप्टर से दूर से दिखता है...किसानों के फटे हुए हाथों से हाथ मिलाने के बाद बात समझ में आता है कि किसान क्या कर रहा है ।’’

उन्होंने आगे बताया, ‘‘मजदूरों के बच्चों को सुबह कांपते हुए देखकर समझ आती है.. हिन्दुस्तान में क्या हो रहा है.. हवाई जहाज से, हेलीकॉप्टर से, गाड़ियों से यह चीजें दिखती नहीं है।’’

मध्यप्रदेश से राजस्थान में प्रवेश करने वाले गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ तीन चार उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है जो देशहित में नहीं है। बकौल राहुल, ‘‘पूरा देश बेरोजगारी में डूबा है...महंगाई बढ़ती जा रही है और पूरा का पूरा फायदा और पूरा का पूरा धन तीन-चार उद्योगपतियों के हाथों में जा रहा है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि उनके दिल में भाजपा और संघ के लोगों से कोई नफरत नहीं है, लेकिन वह उन्हें देश में नफरत नहीं फैलाने देंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं डर को मिटाना चाहता हूं.. जो किसानों के दिल में भाजपा सरकार ने डाला है.. जो छोटे और मध्यम व्यापारियों के दिल में नोटबंदी और जीएसटी लागू करके और कोरोना में किसी की मदद नहीं करके डाला है.. जो युवाओं के दिल में बेरोजगारी फैलाकर डर डाला है.. उस डर को मैं मिटाना चाहता हूं।’’

वह आगे बोले- भाजपा और संघ के लोगों के से मैं नफरत नहीं करता हूं.. बिल्कुल नहीं करता हूं, मगर मैं उनको इस देश में डर नहीं फैलाने दूंगा, क्योंकि यह डर का देश नहीं है।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article