देश

मारा, घसीटा और घोंटा गला...हैवानियत के 30 मिनट, दुष्कर्मी ने IRS की बेटी की कैसे खत्म की जिंदगी?

दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके में हुई इस सनसनीखेज़ वारदात की जांच में चौकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी ने इस पूरी वारदात को पीड़िता के घर में घुसने के 30 मिनट के अंदर अंजाम दिया।

Image

दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या पर बड़े खुलासे।

दिल्ली का पॉश इलाका कैलाश हिल्स बीते दिन आईआरएस अधिकारी की बेटी के साथ कथित दुष्कर्म और बेहद क्रूर हत्या के बाद से चर्चा में हैं। पुलिस मामले की जांच में दिल्ली से अलवर तक जुटी हुई है। इस बीच आरोपी राहुल मीना को लेकर कई अहम खुलासे भी हुए हैं। बताया जा रहा है कि वह विकृत मानसिकता का है, इसके अलावा वह 'ऑनलाइन गेम'जैसे लूडो का भी लती था और इसमें लाखों रुपये भी गंवा चुका था।

30 मिनट में पूरी वारदात को दिया अंजाम

दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके में हुई इस सनसनीखेज़ वारदात की जांच में चौकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी ने इस पूरी वारदात को पीड़िता के घर में घुसने के 30 मिनट के अंदर अंजाम दिया।आरोपी लगभग 30 मिनट तक घर के अंदर था। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से पता चलता है कि मीणा सुबह लगभग 6:30 बजे कॉलोनी में दाखिल हुआ, 6:49 बजे चुपके से घर में घुसा और 7:20 बजे निकल गया।

बेहोशी की हालत में किया दुष्कर्म...

पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी एक अतिरिक्त चाबी का इस्तेमाल कर आवास में चुपके से घुसा था। घर में घुसने के बाद वह सीधे छत पर बने स्टडी रूम में गया, चूंकि वह पहले वहीं काम कर चुका था ऐसे में उसे पता था कि घर में कहां क्या है और कौन कहां होगा। स्टडी रूम में जाकर उसने पीड़िता पर हमला कर बेहोश कर दिया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने मोबाइल चार्जर के तार से उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।

ऐसे की लॉकर खोलने की कोशिश...

पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद वह उसे सीढ़ियों से घसीटकर नीचे लाया और दूसरे कमरे में ले गया जहां एक लॉकर रखा था। उसने पीड़िता की उंगलियों का उपयोग करके बायोमेट्रिक लॉक खोलने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं खुला। इसके बाद उसने पेंचकस का इस्तेमाल करके लॉकर तोड़ा, नकदी और गहने चुराए, खून से सने अपने कपड़े और चप्पलें बदलीं और वहां से भाग गया।

बार-बार बदल रहा बयान

आरोपी राहुल ने शुरू में पुलिस को बताया कि वह अलवर से दिल्ली तक एम्बुलेंस से आया था, लेकिन बाद में उसने अपना बयान बदल लिया और कहा कि उसने 5,000 रुपये में एक कार बुक की और दिल्ली पहुंचने के बाद चालक को किराया भी नहीं दिया। पुलिल सूत्र का कहना है कि पुलिस टीमें राजस्थान और दिल्ली दोनों जगहों पर घटनाओं की सटीक जानकारी जुटाने के लिए काम कर रही हैं। हम घटनास्थल से लेकर द्वारका के उस होटल तक के सीसीटीवी फुटेज की भी छानबीन कर रहे हैं, जहां से राहुल को गिरफ्तार किया गया था।

अलवर में जिसके साथ किया दुष्कर्म उसके पति के साथ लूडो खेलता था राहुल

वहीं, दिल्ली में हत्या को अंजाम देने से कुछ घंटे पहले राहुल ने राजस्थान के अलवर में एक अन्य महिला के साथ बलात्कार किया था। इस मामले में अलवर के एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि इसकी जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। मामले में पूछताछ के लिए छह से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि राहुल पीड़िता को जानता था और उसके पति के साथ ऑनलाइन लूडो खेलता था।

बुधवार को महिला ने अलवर जिले के राजगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने आरोप लगाया कि मीणा ने मंगलवार रात उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण हो चुका है। हम जांच में तेजी लाने के लिए दिल्ली पुलिस के साथ सभी जानकारियां साझा कर रहे हैं।

पुलिस करेगी सीन रीक्रिएट

अदालत से आरोपी को चार दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया है। इन चार दिनों में पुलिस आरोपी के साथ सीन रीक्रिएट करेगी। इसमें अलवर से लेकर कैलाश हिल्स तक आना और फिर जुर्म करके भागकर वहां से 25 किमी दूर द्वारका के होटल तक जाना शामिल होगा। उसे द्वारका के होटल से ही गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा पुलिस उसे लेकर आरोपी को पीड़िता के घर ले जाया जा सकता है। वहीं, अलवर भी ले जाया जाएगा क्योंकि वहां उसके खिलाफ बलात्कार का एक और मामला दर्ज है।

डीएनए प्रोफाइल भी जुटाएगी पुलिस

पुलिस के मुताबिक हत्या करने के बाद वह द्वारका के होटल तक ऑटो रिक्शा से गया जिसे उसने मोबाइल ऐप के जरिए बुक कराया था। उन्होंने कहा कि उसके पास से फोन,गहने,नकदी और कई अन्य चीजें बरामद की जानी हैं। अब तक की जांच से पता चला है कि वह किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में नहीं था। पुलिस फोरेंसिक विभाग से उसके डीएनए प्रोफाइल की भी मांग करेगी। हमारे पास आरोपी के खिलाफ मजबूत मामला है और हम यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि आरोपी को कड़ी सजा मिले।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article