IRCTC Meal New Initiative: रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय रेलवे की कैटरिंग इकाई IRCTC ने ट्रेन में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब यात्रियों को ट्रेन में हेल्दी, ताजा और रेस्टोरेंट स्तर का खाना उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। IRCTC ने इस दिशा में एक प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट लागू किया है, जिससे रेल यात्रा का अनुभव बेहतर बनाया जा सके।
फ्लाइट कैटरर्स को रेल कैटरिंग से जोड़ा गया
अब तक ट्रेन के खाने को लेकर स्वाद, साफ-सफाई और गुणवत्ता को लेकर यात्रियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। IRCTC की इस नई पहल का उद्देश्य इन समस्याओं को दूर करना है। इसके लिए देशभर के बड़े इंडस्ट्रियल किचन, नामी रेस्टोरेंट चेन और एयरलाइंस के अनुभवी फ्लाइट कैटरर्स को रेल कैटरिंग से जोड़ा गया है। इससे यात्रियों को वही खाना मिलने की उम्मीद है, जैसा बड़े रेस्टोरेंट या हवाई यात्रा के दौरान परोसा जाता है।
खाने में होगी विविधिता
नई व्यवस्था के तहत भोजन आधुनिक और हाईजीन किचन में तैयार किया जाएगा, जहां गुणवत्ता, पोषण और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रहेगा। खाने में विविधता होगी, पैकिंग बेहतर की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भोजन सुरक्षित और गरम अवस्था में यात्रियों तक पहुंचे। इसके साथ ही, स्थानीय स्वाद और क्षेत्रीय व्यंजनों को भी मेन्यू में शामिल किया जाएगा।
IRCTC का कहना है कि यह पहल केवल खाने की गुणवत्ता सुधारने तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों के भरोसे को मजबूत करने का प्रयास भी है। यदि यह मॉडल सफल साबित होता है, तो इसे चरणबद्ध तरीके से देशभर की ट्रेनों में लागू किया जाएगा। इससे रेल यात्रा अब सिर्फ सफर नहीं, बल्कि बेहतर स्वाद और सेहत का अनुभव भी बन सकेगी।
