CNG Price Hike: दिल्ली-एनसीआर में 48 घंटे के भीतर सीएनजी के दामों में फिर बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी के लिए कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया है। कांग्रेस ने पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए उन्हें 'इन्फ्लेशन मैन' करार दे दिया। कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट में कहा- 'महंगाई के सरगना' मोदी का चाबुक एक बार फिर चल पड़ा है, आज सीएनजी की कीमतें फिर बढ़ गई हैं।
• 15 मई: 2 रुपये
• 17 मई: 1 रुपये
अब तक मोदी ने सीएनजी की कीमत 3 रुपये बढ़ा दी है। चुनाव खत्म होते ही मोदी का रिकवरी अभियान शुरू हो गया।
दिल्ली-एनसीआर CNG के दाम बढ़े
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (Indraprastha Gas Limited) ने लगातार दूसरी बार CNG की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। रविवार को कंपनी ने CNG के दाम में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की, जिसके बाद दिल्ली में CNG की कीमत पहली बार 80 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई है।
दिल्ली में CNG हुई 80.09 रुपये प्रति किलो
नई दरों के अनुसार अब दिल्ली में CNG की कीमत 80.09 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद में CNG 88.70 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिलेगी। इससे पहले 15 मई को भी कंपनी ने CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी। उस समय दिल्ली में CNG का रेट 79.09 रुपये प्रति किलो पहुंच गया था। अब 48 घंटे के भीतर दूसरी बार हुई बढ़ोतरी ने वाहन चालकों की चिंता और बढ़ा दी है।
पेट्रोल-डीजल भी पहले ही हो चुके हैं महंगे
CNG की कीमतों में यह इजाफा ऐसे समय हुआ है जब हाल ही में पेट्रोल और डीजल के दाम भी बढ़ाए गए थे। केंद्र सरकार ने 15 मई को पेट्रोल की कीमत में करीब 3 रुपये प्रति लीटर और डीजल में लगभग 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
CNG की लगातार बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर ऑटो, टैक्सी और कैब चालकों पर पड़ेगा। दिल्ली-एनसीआर में बड़ी संख्या में वाहन CNG पर चलते हैं, इसलिए किराए बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है। इसके अलावा रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों की जेब पर भी इसका सीधा असर पड़ सकता है। ऑटो का किराया भी बढ़ सकता है।
